ग्रेटर नोएडा में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, पुलिस की जवाबी कार्रवाई

top-news
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश दानिश घायल हो गया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया।

ग्रेटर नोएडा में थाना इकोटेक-3 पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच शनिवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसकी पहचान दानिश पुत्र नवाब के रूप में हुई है, जो गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोका तो कर दी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक 11 जनवरी 2026 को थाना इकोटेक-3 पुलिस लोकल इंटेलिजेंस के इनपुट पर यामाहा कट के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और तेज रफ्तार में भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, तभी बदमाश की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।


गैंगस्टर एक्ट में वांछित, 25 हजार का इनाम घोषित
घायल बदमाश की पहचान दानिश पुत्र नवाब, निवासी मोहल्ला रंगमहल, कस्बा शिकारपुर, थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह ग्राम एम्नाबाद, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि दानिश उम्र करीब 31 वर्ष है और वह थाना इकोटेक-3 में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।


चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा .315 बोर बरामद किया है। तमंचे के साथ एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है। बरामद मोटरसाइकिल स्प्लेंडर (रजिस्ट्रेशन नंबर UP81CU1657) के संबंध में थाना बिसरख में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में घायल बदमाश ने स्वीकार किया कि वह चोरी की नीयत से इलाके में घूम रहा था और बंद घरों व फैक्ट्रियों की रेकी कर रहा था। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी अपने साथियों के साथ कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है और जेल जा चुका है।


इलाज के बाद बढ़ेगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि इलाज के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *