ग्रेटर नोएडा में भाकियू की बड़ी बैठक, बिजली की मांग को लेकर हल्ला बोल, 'बिजली नहीं तो वोट नहीं' के लगाए नारे
- Shiv Kumar
- 12 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-123 डूब क्षेत्र में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (क्रान्ति) के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी, किसान और महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान 'डूब क्षेत्र में अबकी बार बिजली चाहिए' और 'बिजली नहीं तो वोट नहीं' जैसे नारे लगाए गए। क्षेत्रवासियों ने साफ कहा कि दशकों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित डूब क्षेत्र की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द से जल्द लोगों की समस्याएं दूर करें। अगर यही हाल रहा तो वोट बहिष्कार किया जाएगा।
डूब क्षेत्र में बड़ी आबादी, सुविधाएं नदारद
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (क्रान्ति) के प्रदेश अध्यक्ष परविन्दर सिंह यादव ने कहा कि डूब क्षेत्र में हजारों परिवार वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के निवासियों के नाम पर वोटर लिस्ट, रिकॉर्ड और सभी अधिकार मौजूद हैं और यही जनता सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाती है। इसके बावजूद प्रशासन और सरकार द्वारा लगातार इनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
अधिकारियों के रवैये से बढ़ता आक्रोश
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से ज्ञापन, मांग और बैठकों के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। डूब क्षेत्र की जनता अधिकारियों के रवैये से बेहद आक्रोशित हो चुकी है और सरकार के प्रति भी असंतोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो यहां रहने वाली बड़ी आबादी का गुस्सा किसी भी समय फूट सकता है। ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।
किसान, महिलाएं और क्षेत्रवासी रहे एकजुट
इस बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रमुख रूप से विनोद यादव (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा), प्रेम सिंह (प्रदेश महासचिव), जगत पहलवान, रामवीर शर्मा, गोविंद सिंह ठाकुर, जयप्रकाश पहलवान, श्याम बाबू यादव, अशोक राठौर, अशोक ठाकुर, राजकुमार, सोमबीर प्रधान, काशीराम, सपना तिवारी, कामिनी देवी, सर्वेश देवी कुशवाहा, रीना देवी, कमलेश देवी, रेखा सिंह, पूनम यादव और शरबती प्रजापति सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि डूब क्षेत्र को भी मूलभूत सुविधाओं का अधिकार मिले।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






