ग्रेटर नोएडा में दो युवकों को मौत देने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा, हादसे की हकीकत जान हिल जाएंगे आप!
- Shiv Kumar
- 13 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह हादसा 11 जनवरी 2026 को जीरो पॉइंट के पास हुआ था, जिसमें बोलेरो गाड़ी में डीजल भरते समय दो युवकों को तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था। हालांकि किसी तरह पुलिस ने मामला शांत कराया था। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित परिवारों में न्याय की उम्मीद जगी है।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान की गई। 12 जनवरी 2026 को पुलिस ने लोटस जिंक सोसायटी, सेक्टर-168 से अभियुक्त सिद्धार्थ कातयायन पुत्र संतोष कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हादसे में प्रयुक्त होंडा सिटी कार, रजिस्ट्रेशन नंबर BR10AM5067 भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच को अहम दिशा मिली है।
डीजल भरते वक्त हुआ था दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक 11 जनवरी को गौरव और मनोज पुत्र जयप्रकाश शर्मा, निवासी ग्राम कुंडली बांगर, थाना नॉलेज पार्क, बोलेरो गाड़ी से यात्रा कर रहे थे। जीरो पॉइंट के पास उनकी बोलेरो का डीजल खत्म हो गया। इसके बाद दोनों युवक सड़क किनारे गाड़ी में डीजल भर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
कानूनी कार्रवाई जारी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त सिद्धार्थ कातयायन मूल रूप से एमजी पथ, थाना आदमपुर, जिला भागलपुर (बिहार) का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 31 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त वाहन की रफ्तार कितनी थी और यह लापरवाही कैसे हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी को किसी भी सूरत में बख्सा नहीं जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






