3 लाख इन्वेस्ट कर कारोबारी ने 6 लाख बनाए, लालच में आकर लगा दी पूरे जीवनभर की कमाई और फिर हो गया खेल, मामला जान माथा पकड़ लेंगे आप!

top-news
नोएडा में कारोबारी से 36 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के जरिए निवेश का झांसा देकर ठगों ने रकम हड़प ली। पैसे मांगने पर धमकियां दी गईं। पुलिस जांच में जुटी है।

नोएडा में एक कारोबारी से 36 लाख रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुनाफे का झांसा देकर ठगों ने पहले भरोसा जीता, फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करा ली। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे धमकियां दी जाने लगीं। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द केस दर्ज करने की बात कही जा रही है। पीड़ित कारोबारी ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी प्लास्टिक पार्ट बनाने की फैक्ट्री है। उसने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि नवंबर 2025 में सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया गया था। सामने वाले ने खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताते हुए स्टॉक मार्केट और आईपीओ में निवेश से हर महीने लाखों रुपये कमाने का दावा किया।


सोशल मीडिया से शुरू हुआ ठगी का जाल
कारोबारी के मुताबिक, कई दिनों तक बातचीत के बाद ठग ने उसे निवेश के लिए राजी कर लिया। इसके बाद उसे एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें पहले से कई लोग मौजूद थे। ग्रुप में रोजाना निवेश से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाता था। ग्रुप के सदस्य मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर करते थे, जिससे यह दिखाया जाता था कि सभी लोग अच्छा खासा लाभ कमा रहे हैं। पहली बार में कारोबारी ने हिचकिचाते हुए छोटी रकम निवेश की। कुछ ही समय बाद उसे मुनाफा दिखाया गया और रकम निकालने की अनुमति भी दी गई। इससे उसका भरोसा पूरी तरह बन गया। उसे लगने लगा कि वह सही जगह निवेश कर रहा है और कम समय में बड़ा मुनाफा कमा सकता है। इसी भरोसे में उसने धीरे-धीरे अपनी सारी जमा पूंजी लगा दी।


मुनाफे के लालच में घर तक बेच दिया
पीड़ित ने बताया कि नवंबर में करीब 3 लाख रुपये, दिसंबर में साढ़े 8 लाख रुपये और जनवरी 2026 में करीब 25 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब रकम कम पड़ने लगी तो उसने मुनाफे की उम्मीद में अपना घर तक बेच दिया। कुछ समय बाद जब उसे पैसों की जरूरत पड़ी और उसने मुनाफे समेत रकम निकालनी चाही, तब ठगों ने टैक्स और अन्य चार्ज का हवाला देकर और पैसे ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित के मना करने पर ठगों ने साफ धमकी दी कि उसकी निवेश की गई रकम भी वापस नहीं मिलेगी। इसके बाद कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस को दिए खातों और नंबरों के सबूत
पीड़ित ने पुलिस को उन बैंक खातों की पूरी जानकारी दी है, जिनका इस्तेमाल ठगी में किया गया। उसने बताया कि 9 जनवरी को 15 लाख रुपये, 8 जनवरी को दो खातों में 12 लाख रुपये और 18 दिसंबर को दो खातों में 7 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। ठगी का यह सिलसिला करीब दो महीने तक चला। पीड़ित ने दो महिलाओं और एक पुरुष समेत ठगी में शामिल लोगों के नाम, साथ ही चार मोबाइल नंबरों की सूची भी पुलिस को सौंपी है। साइबर क्राइम थाना पुलिस का कहना है कि सभी खातों और नंबरों की जांच की जा रही है और जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *