ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट के अंदर चेन लूट की कोशिश का मामला, पुलिस कमिश्नर ने लिया सख्त एक्शन, जानकर आप भी कहेंगे ठीक किया!
- Shiv Kumar
- 13 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में बुजुर्ग महिला से लिफ्ट के अंदर चेन लूटने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। क्राइम मीटिंग के बाद बिसरख थाने के एसएचओ मनोज सिंह और एसीपी दीक्षा सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने साफ शब्दों में कहा है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में सख्त संदेश गया है कि कानून-व्यवस्था को लेकर कोताही भारी पड़ सकती है।
लिफ्ट में बुजुर्ग महिला से चेन लूट की कोशिश
यह घटना चार दिन पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के बी-1 टावर नंबर 15 में हुई। बुजुर्ग महिला भारती जानी अपनी बच्ची के साथ लिफ्ट में प्रवेश कर रही थीं, तभी हेलमेट पहने एक अज्ञात युवक उनके पीछे-पीछे लिफ्ट में घुस गया। जैसे ही लिफ्ट का दरवाजा बंद हुआ, आरोपी ने महिला की चेन छीनने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और चिल्लाने पर बदमाश ने उन्हें धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद किसी तरह महिला अपने फ्लैट तक पहुंचीं और परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से महिला मानसिक रूप से काफी डरी हुई हैं।
सीसीटीवी फुटेज से खुली सुरक्षा की पोल
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हेलमेट पहना आरोपी लिफ्ट में घुसते और वारदात के बाद तेजी से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद सोसाइटी और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला के बेटे नरेंद्र जानी ने बताया कि लिफ्ट जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था।
गार्ड न होने पर भड़के सोसाइटी निवासी
घटना के बाद से ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि सोसाइटी में सुरक्षा के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद गार्ड तैनात नहीं रहते और बाहरी लोगों की आवाजाही पर कोई नियंत्रण नहीं है। निवासियों का कहना है कि उनसे मोटा मेंटेनेंस चार्ज लिया जाता है, लेकिन बदले में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन और सोसाइटी प्रबंधन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






