नोएडा की सोसायटीज में लोहड़ी की धूम, खूब बजे ढोल और नगाड़े, पंजाबी गानों पर थिरके लोग

top-news
नोएडा में लोहड़ी का पर्व सोसाइटी से लेकर मॉल तक धूमधाम से मनाया गया। सिक्का ग्रुप की आवासीय परियोजनाओं और स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल में ढोल, लोकगीत और पारंपरिक अलाव के साथ लोगों ने भाईचारे और खुशहाली का संदेश दिया है।

नोएडा में आपसी भाईचारे, खुशहाली और नई शुरुआत का प्रतीक पंजाबी पर्व लोहड़ी इस बार पूरे उत्साह और पारंपरिक अंदाज़ में मनाया गया। शहर की आवासीय सोसाइटी से लेकर प्रमुख मॉल और व्यवसायिक परिसरों तक लोहड़ी की रौनक देखने को मिली। ढोल की थाप, लोक गीतों की गूंज और जलते अलाव के चारों ओर इकट्ठा हुए लोग पर्व की खुशियां साझा करते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग ने इस त्योहार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं।


सिक्का ग्रुप की सोसाइटी में पारंपरिक अंदाज़ में लोहड़ी
सिक्का ग्रुप की विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में लोहड़ी का आयोजन पूरी पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। सेक्टर-143ए स्थित सिक्का कामना ग्रीन्स, सेक्टर-143बी स्थित सिक्का कर्णम ग्रीन्स, सेक्टर-79 स्थित सिक्का किमांत्रा और सेक्टर-78 स्थित कार्मिक ग्रीन्स में शाम ढलते ही लोग पारंपरिक लोहड़ी अग्नि के चारों ओर एकत्र हो गए। इसके अलावा सेक्टर-34 में भी लोहड़ी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ढोल-नगाड़ों और पंजाबी लोकगीतों पर सोसाइटी के लोग थिरकते नजर आए। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर उत्सव में चार चांद लगाए, वहीं बच्चों ने भी गीत-संगीत और नृत्य का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर सिक्का ग्रुप के चेयरमैन हरविंदर सिंह सिक्का ने कहा कि लोहड़ी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से सोसाइटी में आपसी सौहार्द बढ़ता है और सकारात्मक माहौल बनता है।


मॉल में भी दिखा लोहड़ी का उल्लास
नोएडा के व्यवसायिक केंद्र भी लोहड़ी के रंग में रंगे नजर आए। सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल में आयोजित लोहड़ी समारोह ने लोगों का खासा ध्यान खींचा। यहां पारंपरिक अलाव के साथ लाइव ढोल और गायक की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। मॉल में खरीदारी के लिए आए लोग भी संगीत की धुन पर खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। सेल्फी बूथ, स्पिन-एंड-विन जैसी मनोरंजक गतिविधियों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्पेक्ट्रम मेट्रो के वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) अजेन्द्र सिंह ने बताया कि लोहड़ी कृतज्ञता, भाईचारे और नई शुरुआत का प्रतीक है। हमारा प्रयास रहता है कि मॉल आने वाले लोगों को खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक अनुभव भी मिलें, ताकि त्योहार की खुशियां हर किसी तक पहुंच सकें।


नोएडा में संस्कृति और सामूहिकता का उत्सव
इस बार की लोहड़ी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि नोएडा सिर्फ आधुनिक शहर ही नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं का संगम भी है। सोसाइटी और मॉल में हुए आयोजनों ने लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम किया और त्योहार की असली भावना को जीवंत कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *