ग्रेटर नोएडा में सनकी आशिक से मुठभेड़, पुलिस ने गोली मार कर दिया लंगड़ा, प्रेमिका के साथ कांड कर आरोपी हो गया था फरार!

top-news
ग्रेटर नोएडा में दीपा हत्याकांड के आरोपी अंकित कुमार से बीटा-2 थाना पुलिस की मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। एकतरफा प्यार में हत्या कर शव को हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी।

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में युवती दीपा की हत्या कर शव को सड़क हादसे का रूप देने वाले सनकी आशिक से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बीटा-2 थाना पुलिस, थाना इकोटेक-1 पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी अंकित कुमार के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। यह मुठभेड़ ढकिया वाले बाबा गोलचक्कर के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम आरोपी को गोपनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर रोकने का प्रयास कर रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को घिरता देख जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की।


छह टीमों ने किया था हत्याकांड का खुलासा
दीपा हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कुल छह टीमों का गठन किया था। सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी अंकित कुमार पुत्र संजय, निवासी ग्राम जैत वैशपुर, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, वारदात के बाद लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दिनांक 11/12 जनवरी 2026 की रात आरोपी ने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और उसके शव को सड़क हादसे का रूप देने के इरादे से सेक्टर क्षेत्र में फेंक दिया था। इस मामले में थाना बीटा-2 में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।


एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी अंकित कुमार ने कबूल किया है कि वह मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन जब युवती ने उससे दूरी बना ली और दोस्ती से इनकार किया, तो वह उस पर लगातार दबाव बनाने लगा। पुलिस के मुताबिक, युवती द्वारा साफ मना करने पर आरोपी ने गुस्से और सनक में आकर बेरहमी से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *