वेस्ट यूपी में हाथरस अर्बन सिटी के लिए बनेगा मास्टरप्लान, 4 हजार हेक्टेयर में तैयार होगी ग्रीनफील्ड सिटी
- Shiv Kumar
- 15 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा / हाथरस: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) वेस्ट यूपी में शहरी विकास को नई दिशा देने जा रहा है। प्राधिकरण हाथरस में एक आधुनिक अर्बन सिटी विकसित करेगा, जिसके लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। यह ग्रीनफील्ड अर्बन सेंटर लगभग 4,000 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होगा और इसकी विकास रूपरेखा वर्ष 2041 तक तय की जाएगी। मास्टर प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी तेलंगाना की आरवी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स लिमिटेड को सौंपी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे मास्टर प्लान फेज-2 के तहत महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में औद्योगिक और शहरी गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
बोली प्रक्रिया में आरवी इंजीनियरिंग को मिला काम
अधिकारियों ने बताया कि कंसल्टेंट के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई थी, जिसमें तीन प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। आरवी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स लिमिटेड ने 1.25 करोड़ रुपये की सबसे कम वित्तीय बोली लगाकर यह जिम्मेदारी हासिल की। अन्य कंपनियों में गरुड़ यूएवी सॉफ्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और एलईए एसोसिएट्स साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड शामिल थीं, लेकिन उनकी बोलियां अधिक होने के कारण उन्हें चयनित नहीं किया गया। प्रस्तावित योजना क्षेत्र 2,000 से 4,000 हेक्टेयर के बीच रखा गया है। यदि भविष्य में परियोजना की सीमा में किसी तरह का बदलाव होता है, तो वह भी कंसल्टेंट के कार्यक्षेत्र में शामिल रहेगा।
GIS आधारित मास्टर प्लान, पर्यावरण पर रहेगा फोकस
हाथरस अर्बन सिटी का मास्टर प्लान URDPFI गाइडलाइंस 2014, यूपी इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट एक्ट 1976 और राज्य व केंद्र सरकार के अन्य नियमों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। यह योजना पूरी तरह GIS फॉर्मेट में विकसित होगी। इसमें भविष्य की जनसंख्या, रोजगार के अवसर, औद्योगिक संभावनाएं, सड़क, जल, सीवर, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं और यूटिलिटी सिस्टम का विस्तृत आकलन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की कैरींग कैपेसिटी, प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता और पर्यावरणीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और भूमि उपयोग के बेहतर नियोजन पर विशेष जोर रहेगा।
जेवर एयरपोर्ट से मिलेगा शहरीकरण को बढ़ावा
इस मास्टर प्लान में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे बड़े क्षेत्रीय विकास कारकों को भी ध्यान में रखा जाएगा। माना जा रहा है कि एयरपोर्ट के संचालन के बाद YEIDA क्षेत्र में शहरीकरण और औद्योगिक निवेश की रफ्तार तेज होगी। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को नौ माह में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। कार्य की शुरुआत 15 दिनों के भीतर इंसेप्शन रिपोर्ट से होगी। इसके बाद मौजूदा स्थिति का अध्ययन, विजन प्लान, ड्राफ्ट मास्टर प्लान, हितधारकों से परामर्श और अंत में वैधानिक स्वीकृतियों के बाद मास्टर प्लान 2041 को अंतिम रूप दिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






