नोएडा के आबकारी आयुक्त नपे, दुकानों पर ओवर रेटिंग मदिरा के मामले में एक्शन, जांच के आदेश
- Shiv Kumar
- 16 Jan, 2026
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शराब बिक्री में ओवररेटिंग को लेकर बड़ा और सख्त कदम उठाया है। आबकारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल के निर्देश पर गौतमबुद्ध नगर के जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार को निलंबित कर दिया गया है। शुक्रवार को उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही के आदेश भी जारी कर दिए गए। इस कार्रवाई को जिले में आबकारी विभाग के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि 23 दिसंबर 2024 को जिले की 9 शराब दुकानों पर और 20 जनवरी 2025 को 16 दुकानों पर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही थी। ओवररेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि शिकायतों के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
दो अलग-अलग तारीखों में 25 दुकानों पर मिली गड़बड़ी
जांच रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर और जनवरी में अलग-अलग टीमों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान कुल 25 दुकानों पर ओवररेटिंग की पुष्टि हुई। नियमों के मुताबिक, शराब की बिक्री केवल तय सरकारी दर पर ही होनी चाहिए, लेकिन दुकानों पर खुलेआम मनमानी कीमत वसूली जा रही थी। आरोप है कि इस पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद जिला आबकारी अधिकारी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। सूत्रों का कहना है कि ओवररेटिंग को लेकर पहले भी जिले से शिकायतें शासन तक पहुंच रही थीं। इसके बाद शासन स्तर पर रिपोर्ट तलब की गई और दोषी पाए जाने पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।
मंत्री नितिन अग्रवाल का सख्त संदेश
आबकारी राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने साफ शब्दों में कहा है कि मदिरा बिक्री में अनियमितता, ओवररेटिंग और भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी शिकायतों पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी नियमों की अनदेखी करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मंत्री ने यह भी संकेत दिए हैं कि आगे अन्य जिलों में भी शराब दुकानों की सघन जांच कराई जाएगी, ताकि कहीं भी ओवररेटिंग या अवैध वसूली न हो सके। इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य जिलों के अधिकारी भी अलर्ट मोड में आ गए हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






