देर रात नोएडा में मचा हंगामा, सड़क हादसे में युवक की मौत पर परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
नोएडा में सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग मृतक का शव लेकर सीधे सेक्टर-57 पुलिस चौकी पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान परिजनों ने चेन बनाकर सड़क के एक तरफ का यातायात रोक दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि हादसे को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। न्याय न मिलने से नाराज परिवार ने साफ कहा कि जब तक दोषी पकड़ा नहीं जाता, वे वहां से नहीं हटेंगे।
12 जनवरी को हुआ था हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम
मामला 12 जनवरी का है, जब सेक्टर-53 के पास एक बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक चला रहा सक्षम गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझता रहा। इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर सक्षम ने दम तोड़ दिया। मृतक के बड़े भाई दीपक गुप्ता, जो गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी के निवासी हैं, ने घटना के बाद संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार का गुस्सा लगातार बढ़ता गया।
न्याय की मांग पर अड़े परिजन, सड़क पर किया प्रदर्शन
सक्षम की मौत की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। अस्पताल से शव लेकर वे सीधे सेक्टर-57 चौकी पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने बस को तो जब्त कर लिया है, लेकिन चालक अब भी फरार है। उनका आरोप है कि जिस कॉलेज की बस से हादसा हुआ, उसके मालिक तो बातचीत करने पहुंच गए, लेकिन असली आरोपी को बचाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारे लगाए गए और सड़क पर शव रखकर यातायात बाधित किया गया। मौके पर भारी पुलिस बल और एसीपी पहुंचे, जिन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले को शांत कराने की कोशिश जारी है, लेकिन परिजन न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






