नोएडा के ये बड़े बिजनेसमैन बने व्यापार मंडल दिल्ली-NCR के चेयरमैन, ग्रीन एनर्जी पर काम करने के लिए हैं फेमस
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
देश के अग्रणी उद्योगपतियों में शुमार डॉ पीयूष द्विवेदी को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल दिल्ली एनसीआर का चेयरमैन घोषित किया गया है। इस पद पर पहुंचने वाले वह उत्तर प्रदेश से एकमात्र ऐसे उद्यमी हैं, जिन्हें ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रतिष्ठित फोर्ब्स इंडिया मैगजीन ने देश के महत्वाकांक्षी ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के पथ प्रदर्शक के रूप में मान्यता दी है। डॉ पीयूष द्विवेदी नोएडा में स्थापित अपनी कंपनी के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त करने में लगातार योगदान दे रहे हैं। उनके चेयरमैन बनने की घोषणा के बाद दिल्ली एनसीआर के व्यापारियों और उद्योग जगत में खुशी की लहर है।
ग्रीन एनर्जी और बायो फ्यूल नीति में अहम भूमिका
डॉ पीयूष द्विवेदी ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रहे हैं। वह केंद्र सरकार की जैव ईंधन नीति को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी कंपनी न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रही है, बल्कि रोजगार सृजन और स्थानीय उद्योगों को मजबूती देने में भी अहम योगदान दे रही है। ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत स्वदेशी तकनीक और संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देकर उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास किया है। उद्योग जगत का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठन व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को मजबूती से सरकार के सामने रख सकेगा।
व्यापारिक संगठनों में खुशी, पदाधिकारियों ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल दिल्ली एनसीआर के चेयरमैन बनने पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने डॉ पीयूष द्विवेदी का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। वाइस चेयरमैन संजय रस्तोगी, राजकुमार गर्ग, डॉ संजय गुप्ता, मुख्य संरक्षक डॉ डीके गुप्ता, अध्यक्ष संजय जैन, वरिष्ठ महासचिव अमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नरेश बंसल और महासचिव राहुल भाटिया ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन व्यापार, उद्योग और उद्यमियों के हित में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
18 जनवरी को शपथ ग्रहण, भव्य समारोह का आयोजन
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की स्थापना वर्ष 1973 में स्वर्गीय श्री श्याम बिहारी मिश्र द्वारा की गई थी। 18 जनवरी को संगठन के 52 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी अवसर पर डॉ पीयूष द्विवेदी को औपचारिक रूप से चेयरमैन पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस मौके पर वार्षिक उत्सव एवं संगीत संध्या समारोह का भी भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिल्ली एनसीआर सहित प्रदेशभर के व्यापारी, उद्योगपति और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






