नोएडा से लेकर दिल्ली-NCR तक अगर लेना चाहते हैं फ्लैट, तो क्या रहेगा बेस्ट, कहां ज्यादा फायदा और प्रॉपर्टी ग्रोथ? जानें सबकुछ यहां
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
नोएडा। अगर आपने इस साल घर खरीदने का मन बना लिया है और यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि एनसीआर के किस शहर में निवेश करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा, तो यह खबर आपके लिए है। आज घर खरीदना सिर्फ चार दीवारों तक सीमित रहने वाला फैसला नहीं रहा। लोग अब कीमत, कनेक्टिविटी, हेल्थ, किराए की आमदनी और फ्यूचर ग्रोथ को ध्यान में रखकर फैसला ले रहे हैं। 2026 को देखते हुए गुरुग्राम, ग्रेटर नोएडा और नोएडा एक्सटेंशन तीन ऐसे माइक्रो मार्केट हैं, जो अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से खरीदारों और निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं।
गुरुग्राम: प्रीमियम ग्रोथ और मजबूत कैपिटल एप्रिसिएशन
रियल एस्टेट एक्सपर्ट्स के मुताबिक गुरुग्राम लंबे समय से एनसीआर का सबसे मजबूत और भरोसेमंद बाजार माना जाता है। डीएलएफ साइबर सिटी, गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड, द्वारका एक्सप्रेसवे और न्यू गुरुग्राम जैसे इलाकों में मल्टीनेशनल कंपनियों और कॉरपोरेट हब्स की मौजूदगी ने यहां रेजिडेंशियल और रेंटल डिमांड को लगातार ऊंचा बनाए रखा है। 2026 में भी यह शहर उन निवेशकों के लिए पसंदीदा रहेगा, जो प्रीमियम सेगमेंट में निवेश कर लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न चाहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यहां 3BHK और बड़े कॉन्फिगरेशन की मांग लगातार बनी हुई है। हाइब्रिड वर्क मॉडल के चलते लोग ऐसे घर तलाश रहे हैं, जहां होम ऑफिस और बेहतर लाइफस्टाइल दोनों मिल सकें। हालांकि गुरुग्राम में एंट्री कॉस्ट ज्यादा है, लेकिन मजबूत रेंटल इनकम और रीसेल वैल्यू इस निवेश को संतुलित बना देती है।
ग्रेटर नोएडा: वैल्यू फॉर मनी और भविष्य की ग्रोथ
2026 में ग्रेटर नोएडा तेजी से एक संतुलित निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है। योजनाबद्ध टाउनशिप, चौड़ी सड़कें और अपेक्षाकृत किफायती प्रॉपर्टी कीमतें इसे मिडिल क्लास और नए निवेशकों के लिए आकर्षक बनाती हैं। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स ने इस क्षेत्र की ग्रोथ स्टोरी को और मजबूती दी है। यहां 2BHK और कॉम्पैक्ट 3BHK फ्लैट्स की सबसे ज्यादा मांग देखने को मिल रही है। निवेशक न सिर्फ स्थिर किराया कमा रहे हैं, बल्कि अगले 5–7 वर्षों में प्रॉपर्टी की कीमतों में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद भी कर रहे हैं। कम निवेश में बेहतर संभावनाएं ग्रेटर नोएडा को ‘वैल्यू फॉर मनी’ विकल्प बनाती हैं।
नोएडा एक्सटेंशन: स्थिर रेंटल इनकम का भरोसा
नोएडा एक्सटेंशन, जिसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट भी कहा जाता है, तेजी से एक मजबूत रेंटल मार्केट के तौर पर उभरा है। आईटी प्रोफेशनल्स, युवा परिवार और स्टार्टअप वर्कफोर्स यहां बड़ी संख्या में बस रही है। मेट्रो कनेक्टिविटी, स्कूल, अस्पताल और शॉपिंग सुविधाओं की उपलब्धता ने बीते दो साल में इसकी डिमांड को और बढ़ाया है। निवेश के नजरिये से यहां 2BHK फ्लैट्स बेहतर रेंटल यील्ड देते हैं, जबकि 3BHK लंबे समय तक रहने वाले परिवारों को आकर्षित करते हैं। इससे मकान मालिकों को स्थिर किराया और कम टर्नओवर का फायदा मिलता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






