नोएडा में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का चुनाव, नतीजे हुए घोषित, जानें कौन बने नए अध्यक्ष

top-news
नोएडा सेक्टर-55 में हुए आरडब्ल्यूए चुनाव के नजीते घोषित कर दिए गए हैं। इसमें सत्यनारायण गोयल और उनकी पूरी टीम ने दोबारा प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल की है। विकास कार्यों के साथ भरोसे और पारदर्शिता पर जनता ने मुहर लगाते हुए पूरे पैनल को अपना सेवादार चुना है।

नोएडा में रविवार को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें मौजूदा अध्यक्ष  सत्यनारायण गोयल और उनकी टीम ने ऐतिहासिक और प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की। इस चुनाव में सत्यनारायण गोयल पैनल और गजेंद्र बैसला पैनल के बीच सीधा मुकाबला था, लेकिन सेक्टर के निवासियों ने विकास, भरोसे और निरंतर कार्यों के आधार पर गोयल पैनल को दोबारा अपना सेवादार चुना। परिणाम घोषित होते ही सेक्टर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे सेक्टर-55 के लिए एक नई शुरुआत बताया।


विकास कार्यों पर जनता ने जताया भरोसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो वर्षों में सत्यनारायण गोयल के नेतृत्व में सेक्टर-55 में कई ऐसे विकास कार्य हुए, जिनसे सेक्टर को नई पहचान मिली। खासतौर पर गेट नंबर-5 का निर्माण और उसका सुव्यवस्थित स्वरूप पूरे नोएडा में चर्चा का विषय बना रहा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्कों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर लगातार किए गए प्रयासों ने निवासियों का भरोसा मजबूत किया। यही कारण रहा कि इस बार सेक्टर के लगभग सभी परिवारों ने एकजुट होकर पूरे सत्यनारायण गोयल पैनल को वोट देकर विजयी बनाया, जो कि सेक्टर की पुरानी परंपरा से अलग और ऐतिहासिक माना जा रहा है।


पूरी टीम को मिला जनता का आशीर्वाद
इस चुनाव में खास बात यह रही कि केवल अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि पूरे पैनल को भारी बहुमत से जीत मिली। अध्यक्ष पद पर सत्यनारायण गोयल के साथ महासचिव नीरज शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट राजरानी अग्रवाल और सुदेश खोखर, इंटरनल ऑडिटर विद्या रावत, जॉइंट सेक्रेटरी दिनेश पाठक और दिनेश मिश्रा चुने गए। इसके अलावा ब्लॉक प्रतिनिधियों के रूप में निशांत गर्ग, अजय अरोड़ा, जोगेंद्र शर्मा, विपिन अग्रवाल, अजय शुक्ला, ललित मोहन, मीरा वार्ष्णेय, रेणुका भट्ट, सुरेंद्र शर्मा और शरद चौहान को भी सेक्टरवासियों ने अपना सेवादार चुना। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले समय में सेक्टर-55 के विकास और पारदर्शी कार्यप्रणाली को और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *