ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दो बदमाशों को कर दिया लंगड़ा, एक को खदेड़कर दबोचा, पूरा मामला जान आप कहेंगे- शानदार!

top-news
ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक-3 थाने की पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें दो शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गए और एक को गिरफ्तार किया गया है। बदमाश लूटपाट की वारदातों में सक्रिय थे। उनके पास से एक कार समेत कई अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

ग्रेटर नोएडा में थाना ईकोटेक-3 पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच शनिवार रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके एक साथी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से लूट की वारदातों में सक्रिय थे।


चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार से शुरू हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात थाना ईकोटेक-3 पुलिस कच्ची सड़क के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक अर्टिगा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर रास्ता बंद होने पर बदमाश कार छोड़कर भागने लगे और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे बाद में कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया।


लूटपाट करने वाले गिरोह का हुआ खुलासा
घायल बदमाशों की पहचान जियाउल्लाह उर्फ हैदर निवासी मोतिहारी, बिहार और अमन गुप्ता निवासी एटा के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार बदमाश नसीम अली उर्फ रियाज भी एटा जिले का रहने वाला है। बदमाशों के कब्जे से एक अर्टिगा टैक्सी कार, तीन अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है। एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया है कि वे राह चलते लोगों और सवारियों को गाड़ी में बैठाकर उनसे पैसे और मोबाइल फोन लूट लेते थे। इन आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *