नोएडा सेक्टर-63 में बंद कॉरपोरेट ऑफिस में लगी भयानक आग, वायरल फोटो देख हिल गया हर कोई!
- Shiv Kumar
- 19 Jan, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक बंद कॉरपोरेट ऑफिस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पहली मंजिल से शुरू हुई और देखते ही देखते ग्राउंड फ्लोर तक फैल गई। आग की चपेट में आने से ऑफिस में रखे कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय ऑफिस बंद था, जिस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी घटना
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह 6 बजकर 1 मिनट पर सेक्टर-63 स्थित ऑफिस में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर रवाना की गईं। टीम ने सबसे पहले बिल्डिंग के शीशे तोड़कर अंदर भरे धुएं को बाहर निकाला, ताकि आग बुझाने में दिक्कत न हो। इसके बाद सीढ़ी और तकनीकी मशीनों की मदद से अंदर फंसे धुएं को पूरी तरह बाहर किया गया। आग आसपास की इमारतों तक न फैले, इसके लिए एहतियातन पास की बिल्डिंगों पर भी पानी का छिड़काव किया गया। दमकल कर्मियों की सतर्कता से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटा फायर विभाग
फायर विभाग के अनुसार आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रविवार होने के कारण ऑफिस पूरी तरह बंद था और कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। मौके पर तैनात गार्ड ने ही सबसे पहले आग की लपटें और धुआं देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग की वजह से ऑफिस के शीशे, कंप्यूटर सिस्टम, कुर्सियां, केबिन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल गए। फायर विभाग अब आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






