नेताजी की जयंती पर नोएडा में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही ठप होगी बिजली, जानें क्या है पूरा मामला!
- Shiv Kumar
- 19 Jan, 2026
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को नोएडा में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने और नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया जा रहा है। इसको लेकर शनिवार को शारदा यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की। बैठक में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की पूरी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आपात स्थिति में सुरक्षा और समन्वय का अभ्यास
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रियंका ने मॉक ड्रिल की विस्तृत रूपरेखा का प्रेजेंटेशन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन हालात में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का अभ्यास करना है। मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा जाएगा कि आपदा की स्थिति में प्रशासनिक मशीनरी कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देती है। इसके साथ ही आम नागरिकों को यह भी बताया जाएगा कि संकट के समय उन्हें क्या करना चाहिए और कैसे अपनी जान की सुरक्षा करनी है।
सायरन बजते ही होगा ब्लैकआउट, जमीन पर लेटने का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी के तौर पर सायरन बजाया जाएगा। सायरन के साथ ही चिन्हित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थान पर जमीन पर लेटकर शरण लेने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। हवाई हमले की समाप्ति के संकेत के रूप में ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाया जाएगा। इसके अलावा छोटी और बड़ी आग पर काबू पाने के तरीके भी दिखाए जाएंगे। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का प्रदर्शन करेंगे, जबकि अग्निशमन विभाग बड़ी आग बुझाने की प्रक्रिया दिखाएगा। घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्यवाही भी मॉक ड्रिल का हिस्सा होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






