नोएडा में आरडब्लूए के चुनाव हुए सम्पन्न, चुनाव अधिकारियों ने की नए अध्यक्ष की घोषणा
- Shiv Kumar
- 19 Jan, 2026
सेक्टर–55 में रविवार को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) का चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। यह पूरी निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारियों राजीव अग्रवाल, सुधीर श्रीवास्तव और राजेंद्र शर्मा के निर्देशन में हुए। चुनाव में सतनारायण गोयल व उनकी टीम तथा गजेंद्र बैसला एवं उनकी टीम के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। मतदान और मतगणना के बाद चुनाव अधिकारियों ने परिणाम घोषित किए। इसमें सतनारायण गोयल पैनल ने ऐतिहासिक और प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की।
जनसमर्थन ने बनाया चुनाव को ऐतिहासिक
सेक्टर–55 की जनता जनार्दन ने इस बार वर्षों पुरानी चुनावी परंपराओं को पीछे छोड़ते हुए एकजुट होकर पूरे सतनारायण गोयल पैनल को भारी मतों से विजयी बनाया। यह समर्थन केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि सेक्टर के निवासियों के भरोसे, विश्वास और संतोष की अभिव्यक्ति रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और हर समस्या में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण गोयल पैनल को यह जनादेश मिला। चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने यह साफ कर दिया कि सेक्टर के निवासी अपने नेतृत्व को लेकर पूरी तरह सजग और जागरूक हैं।
पिछले कार्यकाल के विकास कार्य बने जीत की नींव
वर्तमान अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने अपने पिछले दो वर्षों के कार्यकाल में सेक्टर–55 को विकास की नई पहचान दिलाई। गेट नंबर–5 का निर्माण पूरे नोएडा में चर्चा का विषय रहा, जिसने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया। इसके अलावा साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के सौंदर्यीकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे कई कार्यों ने सेक्टरवासियों का भरोसा मजबूत किया। इन्हीं कार्यों का असर चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दिया, जहां मतदाताओं ने बिना किसी भ्रम के पूरे पैनल को समर्थन दिया।
नव-निर्वाचित टीम ने दोहराया विकास का संकल्प
भारी बहुमत से निर्वाचित टीम में सतनारायण गोयल अध्यक्ष बने, जबकि नीरज शर्मा महासचिव और राकेश शर्मा कोषाध्यक्ष चुने गए। इसके साथ ही उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और ब्लॉक प्रतिनिधियों सहित पूरी टीम ने सेक्टर–55 के समग्र विकास, सुरक्षा, स्वच्छता और पारदर्शी प्रशासन के लिए लगातार कार्य करने का संकल्प दोहराया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में निवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान, बेहतर सुविधाएं और सामुदायिक सहभागिता उनकी प्राथमिकता रहेगी। सेक्टरवासियों को उम्मीद है कि यह नई टीम सेक्टर–55 को और बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






