'रेस-4' में नजर आएंगे 'धुरंधर' के 'रहमान डकैत'? मेकर्स ने बताई पूरी सच्चाई, आप भी जान लें पूरा अपडेट

top-news
‘रेस 4’ में अक्षय खन्ना की एंट्री की खबरों पर निर्माता रमेश तौरानी ने विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ किया कि अक्षय को फिल्म में लेने पर कोई विचार नहीं है और फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर ही काम चल रहा है।

2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ ने 2026 में भी अपनी पकड़ बनाए रखी है। फिल्म में ‘रहमान डकैत’ के दमदार किरदार से अक्षय खन्ना एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। उनकी शानदार परफॉर्मेंस के बाद लगातार यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह कई बड़ी फिल्मों में एंट्री ले सकते हैं, वहीं कुछ प्रोजेक्ट्स से उनके बाहर होने की खबरें भी सामने आईं। हाल ही में अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ से उनके एग्जिट की चर्चाओं के बीच अब ‘रेस 4’ में अक्षय खन्ना की वापसी को लेकर अटकलें तेज थीं।


निर्माता ने खुद बताया सच
इन चर्चाओं पर अब ‘रेस’ फ्रेंचाइजी के निर्माता रमेश तौरानी ने खुद स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि अक्षय खन्ना को ‘रेस 4’ में लेने को लेकर कोई बातचीत ही नहीं हुई है। तौरानी के मुताबिक, फिल्म की कहानी में ऐसे किसी बदलाव की गुंजाइश नहीं है, जिससे अक्षय के किरदार को वापस लाया जा सके। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ‘रेस’ के पहले भाग में अक्षय खन्ना का किरदार एक्सीडेंट में खत्म हो चुका था और उसी के साथ उनका ट्रैक भी समाप्त हो गया था, जो आगे भी वैसा ही रहेगा।


रेस में निभाया था यादगार विलेन
गौरतलब है कि साल 2008 में रिलीज हुई ‘रेस’ में अक्षय खन्ना ने खलनायक का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस फिल्म में सैफ अली खान, बिपाशा बसु, कैटरीना कैफ और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। कैटरीना और अक्षय की निगेटिव जोड़ी ने खासा ध्यान खींचा था। यह एक्शन-थ्रिलर उस साल की सबसे सफल फिल्मों में रही और बॉक्स ऑफिस पर करीब 108 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।


रेस 4 को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार
पिछले कुछ समय से ‘रेस 4’ को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में सैफ अली खान की वापसी तो कुछ में सिद्धार्थ मल्होत्रा के शामिल होने की बातें सामने आईं। हालांकि रमेश तौरानी ने इन सभी दावों को भी सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर ही काम चल रहा है और कास्टिंग को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में ‘रेस 4’ से जुड़ी बाकी जानकारियों के लिए दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *