पशु चोरों के खिलाफ नोएडा पुलिस का एक्शन, तीन को दबोचा, दो जानवरों समेत अवैध हथियार बरामद

top-news
थाना रबूपुरा पुलिस ने पशु चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप गाड़ी, दो चोरी के बैल, मोबाइल फोन और अवैध तमंचा बरामद किया है।

नोएडा में थाना रबूपुरा पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी, दो चोरी के बैल, दो मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। यह कार्रवाई पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से पशु चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।


कैसे सामने आया पशु चोरी का मामला
पुलिस के मुताबिक, दिनांक 17 जनवरी 2026 को वादी द्वारा थाना रबूपुरा में सूचना दी गई थी कि अज्ञात चोरों ने बोलेरो पिकअप वाहन संख्या DL 12 AG 8651 और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आकर पशुओं की चोरी कर ली है। इस शिकायत के आधार पर थाना रबूपुरा में मु0अ0सं0 14/2026 धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले।


करोली की पुलिया से तीनों आरोपी गिरफ्तार
लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 19 जनवरी 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करोली की पुलिया के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भाग्य नारायण, सज्जन कुमार और अशरफ के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि ये तीनों मिलकर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे दिन के समय पशुओं की रेकी करते थे और रात में सुनसान स्थान पर वाहन मंगवाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।


बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, दो चोरी के बैल, दो मोबाइल फोन और एक तमंचा .315 बोर मय एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में मु0अ0सं0 14/2026 धारा 305/331(4)/317(5) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *