करोड़ों का व्यापार करने वाले ज्वेलर्स को भी दिया चकमा, बंटी और बबली ने लगाया तगड़ा चूना, मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप!

top-news
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने फर्जी होलमार्क ज्वेलरी से ठगी करने वाले कपल ‘बंटी-बबली’ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से नकली चूड़ियां, 1.32 लाख नकद और कार बरामद हुई है।

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने फर्जी हॉलमार्क लगी नकली ज्वेलरी से ज्वेलर्स को चूना लगाने वाले शातिर ‘बंटी और बबली’ को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार नकली चूड़ियां (बेंगल), जिन पर फर्जी हॉलमार्क खुदा हुआ था, 1 लाख 32 हजार 230 रुपये नकद और एक बिना नंबर प्लेट की टाटा सेरा कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक चौहान और सानिया उर्फ सोनिया के रूप में हुई है, जो लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर इस ठगी के खेल को अंजाम दे रहे थे।


लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर रची ठगी की साजिश
बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दीपक चौहान पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट, सेक्टर जीटा-1 का निवासी है, जबकि सानिया उर्फ सोनिया मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली है और वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र में रह रही थी। करीब डेढ़ साल पहले दोनों की मुलाकात एक प्रॉपर्टी ऑफिस में हुई थी, जहां वे साथ काम करते थे। दोस्ती के बाद दोनों लिव-इन में रहने लगे और यहीं से ठगी के इस सुनियोजित धंधे की शुरुआत हुई। दोनों ने मिलकर ज्वेलर्स को निशाना बनाने की योजना बनाई, ताकि कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाया जा सके।


असली जेवर लेकर नकली से करते थे अदला-बदली
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले ज्वेलरी शॉप पर जाकर असली गहने खरीदते थे। इसके बाद उन्हीं गहनों जैसी दिखने वाली नकली ज्वेलरी तैयार कराते थे, जिस पर फर्जी हॉलमार्क और होलोग्राम भी लगवाया जाता था। फिर दोबारा उसी ज्वेलर के पास जाकर यह कहकर लौटते थे कि उन्हें थोड़ा बड़ा साइज या डिजाइन में बदलाव चाहिए। इसी बहाने वे नकली जेवर देकर असली ज्वेलरी ले लेते थे। ज्वेलर्स को काफी समय बाद ठगी का अहसास होता था, तब तक आरोपी फरार हो जाते थे।


दीपावली पर 5 लाख की ठगी, अन्य राज्यों तक फैला नेटवर्क
इसी शातिर तरीके से आरोपियों ने दीपावली के दौरान जगत फार्म इलाके में एक ज्वेलर से करीब 5 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए दोनों को गामा-2 ग्रीन बेल्ट से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हरिद्वार में भी इसी तरह की दो वारदातों को अंजाम दिया है। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर अन्य घटनाओं और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *