तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को उड़ाया, महिला की मौत, दो गंभीर घायल
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला बुरी तरह घायल हो गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में महिला का बेटा और जेठानी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में माहौल गमगीन है।
मायके से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव आगराई निवासी सविता (36) के रूप में हुई है। सविता सोमवार को अपने बेटे लोकेश और जेठानी विमला देवी के साथ अपने मायके गांव फलेदा गई थीं। वहां वे अपने भतीजे की मौत पर शोक व्यक्त करने पहुंची थीं। देर शाम तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रबूपुरा कस्बे के पास फलेदा मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान सविता ने तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सविता की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके बेटे लोकेश और जेठानी विमला देवी की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






