फैक्ट्रियों का जहरीला पानी निगल गया 25 जानवरों की जिंदगी, 50 पर संकट, पूरा मामला जान आप कहेंगे- ऐसा ही रहा तो विनाश तय है!
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में पर्यावरण और पशुपालकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मोहम्मदपुर गुर्जर गांव के पास एक फैक्ट्री से निकले कथित जहरीले पानी को पीने से कम से कम 25 भेड़ों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक भेड़ों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पशुपालकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
चराई के दौरान हुआ हादसा, मिनटों में बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, राजस्थान निवासी बाला सिंह अपने परिवार के साथ भेड़ पालन का काम करते हैं। सोमवार दोपहर वह अपनी भेड़ों को चराने के लिए मोहम्मदपुर गुर्जर गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान भेड़ों ने पास स्थित एक फैक्ट्री के बाहर जमा पानी को पी लिया। पशुपालकों का आरोप है कि यह पानी फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकल युक्त और अत्यधिक जहरीला था। पानी पीने के कुछ ही देर बाद भेड़ों की हालत बिगड़ने लगी। कुछ भेड़ें जमीन पर गिरने लगीं और देखते ही देखते 25 से अधिक भेड़ों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस और पशु विभाग मौके पर, इलाज शुरू
घटना की सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को भी बुलाया गया। गंभीर हालत में मौजूद भेड़ों का तत्काल उपचार शुरू कराया गया। पशु चिकित्सकों की टीम लगातार बीमार भेड़ों की निगरानी कर रही है। कई भेड़ों की स्थिति अब भी नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फैक्ट्री से निकलने वाले पानी के सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पानी में कौन-कौन से जहरीले तत्व मौजूद हैं।
फैक्ट्री मालिक पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित पशुपालक बाला सिंह का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उनकी आजीविका का मुख्य साधन भेड़ें ही थीं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी फैक्ट्री मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें मुआवजा दिया जाए। वहीं स्थानीय पशुपालकों ने भी इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फैक्ट्रियों पर कड़ी निगरानी की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: पुलिस
दनकौर पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में यदि फैक्ट्री की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित फैक्ट्री मालिक और प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






