ग्रेटर नोएडा में हादसों पर ब्रेक लगाने का प्लान, दनकौर पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
सर्दियों में घने कोहरे के चलते बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। सोमवार देर शाम चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर चल रहे दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया। पुलिस का यह अभियान खास तौर पर कोहरे के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने पर केंद्रित रहा।
कोहरे में दृश्यता कम, बढ़ जाता है हादसों का खतरा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो जाती है। ऐसे हालात में आगे चल रहे वाहन समय पर नजर नहीं आते, जिससे पीछे से टक्कर लगने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। खासकर सर्विस रोड और एक्सप्रेसवे से जुड़े रास्तों पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसे गंभीर रूप ले लेते हैं। कई बार छोटे-छोटे एहतियाती उपाय न अपनाने के कारण जान-माल का भारी नुकसान हो जाता है। इसी खतरे को देखते हुए दनकौर कोतवाली पुलिस ने यह विशेष अभियान शुरू किया, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर, चालकों को दी गई अहम सलाह
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए। इसका मुख्य उद्देश्य यह था कि कोहरे के समय भी वाहन दूर से आसानी से दिखाई दें और पीछे से आने वाले चालक समय रहते ब्रेक लगा सकें। इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व जगनपुर पुलिस चौकी प्रभारी वरुण कुमार ने किया। उनके साथ दरोगा सुनील कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवान भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर लगाने के फायदे बताए और बताया कि यह एक छोटा-सा उपाय बड़े हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है। इसके साथ ही चालकों को कोहरे के दौरान वाहन की गति धीमी रखने, हेडलाइट व इंडिकेटर का सही तरीके से इस्तेमाल करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगाने की सलाह दी गई।
जनहित में पुलिस का सराहनीय प्रयास
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। छोटे-छोटे सुरक्षा उपाय अपनाकर बड़े सड़क हादसों को रोका जा सकता है। पुलिस का उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। इस अभियान को वाहन चालकों ने भी सराहा और इसे जनहित में उठाया गया एक सराहनीय कदम बताया। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के जागरूकता अभियान जारी रहेंगे, ताकि सर्दियों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






