नोएडा की शातिर महिला, क्रेडिट कार्ड से रकम पार कर अपने लिए बनवाई लाखों की ज्वेलरी, अब पुलिस ने सिखाया सबक!
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
थाना सेक्टर-113 पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी कर गोल्ड ज्वैलरी खरीदने वाली एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से करीब 2.15 लाख रुपये की सोने की ज्वैलरी और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। यह गिरफ्तारी 19 जनवरी 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-119 नोएडा के पास से की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला अपने पति के साथ मिलकर लोगों को बैंक से जुड़ी सुविधाओं का झांसा देकर ठगी करती थी और फिर उस पैसे से ऑनलाइन स्टोर्स से सोने के गहने खरीदती थी। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ठगी का तरीका बेहद शातिराना था, जिससे आम लोग आसानी से इनके जाल में फंस जाते थे।
ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी का जाल
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्ता प्रियंका वत्स ने बताया कि वह अपने पति विक्रांत वत्स के साथ मिलकर लोगों को ऑनलाइन एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देती थी। इसके लिए फेसबुक ग्रुप्स और पेज बनाकर अलग-अलग अकाउंट्स के जरिए मोबाइल नंबर जुटाए जाते थे। इसके बाद कस्टमर से संपर्क कर स्क्रीन शेयरिंग ऐप के माध्यम से उनकी क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल की जाती थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गोल्ड स्टोर्स से महंगी ज्वैलरी खरीदी जाती और बाद में स्टोर पर जाकर उसे प्राप्त कर लिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला वीडियो कॉल के दौरान पहचान छिपाने के लिए मोबाइल के फ्रंट कैमरे पर बिंदी लगा लेती थी, ताकि उसका चेहरा साफ दिखाई न दे।
लाखों की ज्वैलरी और मोबाइल फोन बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्ता के पास से एक सोने की चेन और कानों के टॉप्स की एक जोड़ी बरामद की, जिनकी कुल कीमत करीब 2,15,060 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है, जिस पर बिंदी लगाकर कैमरा ढकने की बात सामने आई है। बरामद ज्वैलरी के साथ स्टोर का बिल भी पुलिस को मिला है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि ठगी की रकम से ही यह गहने खरीदे गए थे। अभियुक्ता प्रियंका वत्स, उम्र करीब 29 वर्ष, दिल्ली के रोहिणी स्थित विजय विहार कॉलोनी की रहने वाली है। पुलिस अब इस मामले में आरोपी पति की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने इस मामले के बाद आम जनता से साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कोई भी बैंक या कस्टमर केयर प्रतिनिधि कभी फोन पर ओटीपी, पासवर्ड या कार्ड डिटेल्स नहीं मांगता। अनजान कॉल्स, स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स और सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर्स से सावधान रहना बेहद जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






