ग्रेटर नोएडा में विदेशी नागरिक ने काटा हंगामा, सोसायटी सुपरवाइजर से की मारपीट, जानें पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 21 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र स्थित सुपरटेक गोल्फ कंट्री सोसायटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अफ्रीकी नागरिक ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा सुपरवाइजर के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना में सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है।
लिविंग कार्ड चेक करने पर भड़का आरोपी
पीड़ित की पहचान दनकौर थाना क्षेत्र के लतीफपुर निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। वह सुपरटेक गोल्फ कंट्री सोसायटी में मेंटेनेंस सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर तैनात हैं। सचिन कुमार के अनुसार, सोमवार रात वह सोसायटी के गेट पर नियमित ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक अफ्रीकी नागरिक वहां पहुंचा, जिसका लिविंग कार्ड चेक किया जा रहा था। कार्ड चेक करने को लेकर आरोपी अचानक गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी।
चाकू से हमला, आंख के पास गंभीर चोट
आरोप है कि मारपीट के दौरान अफ्रीकी नागरिक ने चाकू निकालकर सचिन कुमार पर हमला कर दिया। चाकू लगने से सचिन की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गए। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुपरवाइजर को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का आश्वासन
घटना के अगले दिन मंगलवार को पीड़ित सचिन कुमार ने रबूपुरा कोतवाली पहुंचकर आरोपी अफ्रीकी नागरिक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। रबूपुरा पुलिस ने जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






