ग्रेटर नोएडा में भूतेश्वर शिव मंदिर में चोरी, पीतल के दो भारी-भरकम घंटे उठा ले गए चोर
- Shiv Kumar
- 21 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिलासपुर कस्बे के प्राचीन भूतेश्वर शिव मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। सोमवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर से दो भारी पीतल के घंटे चोरी कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु और मंदिर प्रबंधन मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मुख्य द्वार का ताला तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
मंदिर प्रबंधन से जुड़े मोहित योगी और रमाकांत ने बताया कि चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मंदिर में कुल 10 से अधिक घंटे लगे हुए थे, जिनमें से चोरों ने दो पुराने और भारी पीतल के घंटों को निशाना बनाया। ये घंटे वर्षों पुराने थे और मंदिर की धार्मिक आस्था से जुड़े हुए थे। चोरी के बाद मंदिर परिसर में अव्यवस्था का माहौल रहा और सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को बिना घंटों के पूजा करनी पड़ी। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
पहले भी हो चुकी है चोरी, नहीं हुआ खुलासा
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब भूतेश्वर शिव मंदिर को निशाना बनाया गया हो। करीब एक महीने पहले भी अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी दान राशि चोरी कर ली थी। उस समय भी मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन अब तक न तो चोरी करने वालों का कोई सुराग लग सका है और न ही दानपात्र से चोरी हुई रकम बरामद हो पाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
श्रद्धालुओं में रोष, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मंदिर में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि प्राचीन धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुए घंटे व दान राशि की बरामदगी की जाए। साथ ही मंदिर परिसर में नियमित पुलिस गश्त और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की भी मांग उठी है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
दनकौर पुलिस ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






