नोएडा हादसे को लेकर दादरी विधायक ने सीएम योगी को लिखा पत्र, प्राधिकरण समेत कई विभागों को लेकर लिखी ऐसी बात, मच गया हंगामा
- Shiv Kumar
- 22 Jan, 2026
नोएडा में इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत को लेकर सियासत तेज हो गई है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा है कि युवराज मेहता की मौत एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग और शहर में जलभराव व खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को इस दुखद घटना का मुख्य कारण बताया है। विधायक के पत्र के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
नोएडा प्राधिकरण और आपदा प्रबंधन पर गंभीर आरोप
विधायक तेजपाल नागर ने अपने पत्र में लिखा है कि घटना के समय इलाके में भारी जलभराव था और स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण अंधेरा पसरा हुआ था। इसके बावजूद नोएडा प्राधिकरण और संबंधित विभागों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में तेजी से हो रहे विकास के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। विधायक ने यह भी कहा कि अगर जलभराव की समस्या का समय रहते समाधान किया गया होता और स्ट्रीट लाइटें चालू होतीं, तो शायद युवराज मेहता की जान बचाई जा सकती थी।
NDRF-SDRF और मौजूद अफसरों की लापरवाही का जिक्र
पत्र में विधायक ने उस समय मौके पर मौजूद NDRF, SDRF और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही बरती गई और समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। विधायक का कहना है कि घटना के दौरान बचाव कार्य में देरी हुई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में SDRF और NDRF की स्थाई तैनाती की मांग
तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से बढ़ते शहरों में SDRF और NDRF की स्थाई तैनाती की भी जोरदार मांग की है। उन्होंने कहा कि आबादी और हाईटेक विकास के हिसाब से इन शहरों में आपदा प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था बेहद जरूरी है। बारिश, जलभराव और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए स्थाई रेस्क्यू टीमें तैनात होना समय की मांग है। विधायक ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






