ग्रेटर नोएडा के तीन इलाकों में कम्युनिटी सेंटर तैयार, दादरी विधायक ने किया उद्घाटन

top-news
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईटा वन, जीटा वन और डेल्टा थ्री में 6.5 करोड़ की लागत से बने तीन कम्युनिटी सेंटरों का शुभारंभ हुआ। विधायक तेजपाल नागर ने इन्हें सेक्टरवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईटा वन, जीटा वन और डेल्टा थ्री के निवासियों को बृहस्पतिवार को बड़ी सौगात मिली। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से तैयार किए गए तीन आधुनिक कम्युनिटी सेंटरों का विधिवत शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने किया। लंबे समय से इन सेक्टरों के लोग सामुदायिक कार्यक्रमों, शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। इन कम्युनिटी सेंटरों के शुरू होने से सेक्टरवासियों को न सिर्फ सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें निजी मैरिज होम और अन्य स्थानों पर निर्भर भी नहीं रहना पड़ेगा।


6.5 करोड़ की लागत से बने आधुनिक कम्युनिटी सेंटर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-5 द्वारा इन तीनों कम्युनिटी सेंटरों का निर्माण कराया गया है। वरिष्ठ प्रबंधक रतिक ने जानकारी दी कि सेक्टर ईटा वन, जीटा वन और डेल्टा थ्री में बने इन कम्युनिटी सेंटरों पर करीब 6.56 करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रत्येक कम्युनिटी सेंटर में बड़ा कॉमन हॉल, कार्यालय कक्ष, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पर्याप्त पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। खास बात यह है कि तीनों कम्युनिटी सेंटरों में लाइब्रेरी की भी सुविधा दी गई है, जिससे क्षेत्र के छात्र, युवा और वरिष्ठ नागरिक लाभ उठा सकेंगे। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल आयोजन स्थल उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी है।


विधायक ने सराहा प्राधिकरण का प्रयास
शुभारंभ के अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सेक्टरों में कम्युनिटी सेंटर की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। अब सेक्टरवासियों को शादी, सामाजिक कार्यक्रम और अन्य आयोजनों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। विधायक ने कहा कि सेक्टरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और प्राधिकरण इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी कहा कि ग्रेटर नोएडा को एक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए प्राधिकरण निरंतर प्रयासरत है।


सेक्टरवासियों में खुशी का माहौल
कम्युनिटी सेंटरों के उद्घाटन के दौरान स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर बृजपाल राठी, दीपक भाटी, आदेश भड़ाना, अंकित भाटी, डॉ. राजेश शर्मा, दिगपाल सिंह, तेज शर्मा, कंवर सिंह पवार, चौधरी योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे। इसके अलावा वर्क सर्किल-5 और विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की पूरी टीम भी कार्यक्रम में उपस्थित रही। सेक्टरवासियों का कहना है कि इन कम्युनिटी सेंटरों से सामाजिक गतिविधियों को नया स्थान मिलेगा और क्षेत्र में सामुदायिक भावना और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *