नोएडा में बारात में बवाल, लाठी, डंडे और फरसे लेकर आ गए लोग, फिर जो हुआ, जानकर दंग रह जाएंगे आप

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने बारात पर जानलेवा हमला किया। लाठी-डंडों और फरसों से हुए हमले में एक ही परिवार के 10 बाराती गंभीर घायल हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह के दौरान दबंगों ने बारात पर अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों और फरसों से लैस करीब 40 से ज्यादा हमलावरों ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में एक ही परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


मिलाई के दौरान अचानक हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, दनकौर थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव निवासी जितेंद्र के यहां से बारात रामपुर फतेहपुर गांव गई थी। बारात में देशराज सिंह अपने पूरे परिवार के साथ शामिल हुए थे। बारात जैसे ही गांव पहुंची, परंपरागत तरीके से स्वागत और मिलाई की रस्म चल रही थी। इसी दौरान अचानक कई गाड़ियों में सवार होकर करीब 40 दबंग मौके पर पहुंचे। उनके हाथों में लाठी-डंडे और फरसे थे। किसी को संभलने का मौका दिए बिना हमलावरों ने ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। चारों तरफ भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


परिवार के लोगों को बनाया निशाना
हमलावरों ने देशराज सिंह (80), उनके बेटे देवेंद्र, वीरेंद्र, राजेंद्र और भतीजे श्रीनिवास सहित परिवार के अन्य सदस्यों को घेर लिया। सभी को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया। हमले के दौरान बारातियों की कई गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों को तुरंत ग्रेटर नोएडा के कैलाश

अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।


पुरानी रंजिश की बात आ रही सामने
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स रामपुर गांव पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष जगनपुर गांव के ही रहने वाले हैं और इनके बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। करीब तीन महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए बारात को निशाना बनाया गया।


आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें
पीड़ित पक्ष के दीपक नागर ने बताया कि बारात में उनके पिता, बाबा, ताऊ, चाचा सहित पूरा परिवार गया था। मिलाई के दौरान अचानक हमला कर दिया गया, जिसमें परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने तीन टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *