ग्रेटर नोएडा में गुंडागर्दी करते थे चार युवक, पुलिस ने निकाल दी बदमाशी, पूरा मामला जान आप कहेंगे- ठीक किया!

top-news
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस ने जानलेवा मारपीट के मामले में 4 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू, सरिया, बेसबॉल बैट और स्विफ्ट कार बरामद की गई।

ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस ने जानलेवा मारपीट की घटना में शामिल 4 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, लोहे का सरिया, लकड़ी का बेसबॉल बैट और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। यह कार्रवाई बीएमआईसी से बोडाकी की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी 24 जनवरी 2026 को दर्ज गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे थे। इससे पहले इसी केस में 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।


परिवार पर जानलेवा हमला, कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस के मुताबिक, 24 जनवरी 2026 को पीड़ित द्वारा थाना दादरी में दी गई तहरीर के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने वादी और उसके परिवार के लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला किया, गाली-गलौच की और लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से बेरहमी से मारपीट की। इस संबंध में थाना दादरी में मु0अ0सं0 0040/2026 के तहत बीएनएस की कई गंभीर धाराओं और 07 सीएल एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और आखिरकार चारों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भूपेन्द्र (38), हरेन्द्र (43), सुमित (24) और अजीत (37) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम जगनपुर, थाना दनकौर, गौतमबुद्ध नगर के निवासी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, बलवा और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनका आपराधिक इतिहास क्षेत्र में दबंगई और हिंसक गतिविधियों की ओर इशारा करता है।


अवैध हथियार और कार समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने भूपेन्द्र के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं, हरेन्द्र के पास से एक अवैध चाकू मिला। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार से लोहे का सरिया और लकड़ी का बेसबॉल बैट भी बरामद किया गया है। पुलिस ने कार को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। दादरी पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *