ग्रेटर नोएडा में हाईवे पर दौड़ रही थी कार, अचानक लग गई आग, फंस गया चालक, फिर जो हुआ, आप कहेंगे- ओएमजी!
- Shiv Kumar
- 26 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मूर्ति गोल चक्कर के पास चलती टाटा टैगोर कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
इंजन से उठी लपटें, देखते ही देखते जलकर राख हुई कार
जानकारी के अनुसार, गैलेक्सी वेगा सोसायटी निवासी रवि रंजन पांडे अपनी टाटा टैगोर कार से चार मूर्ति गोल चक्कर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार एक मूर्ति गोल चक्कर से थोड़ी आगे पहुंची, तभी अचानक इंजन से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। कुछ ही सेकेंड में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए रवि रंजन ने तुरंत कार रोकी और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें सतर्क करते हुए पीछे हटने को कहा। इसके बाद कार तेज लपटों के साथ धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह खाक हो गई।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर पुलिस को सूचना देने लगे। बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल की एक गाड़ी ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण कार में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, लेकिन आग बुझने के बाद ट्रैफिक को सुचारु रूप से चालू करा दिया गया। बिसरख थाना पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और मामले की आवश्यक जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






