ग्रेटर नोएडा में बवाल, गोदाम में घुसकर लगा दी आग और धुंआधार फायरिंग, कई लोग घायल, यह है पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 27 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे के सलारपुर रोड पर रविवार रात एक मामूली रोडरेज विवाद देखते ही देखते बड़े हिंसक टकराव में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के करीब 20 लोगों ने दूसरे पक्ष के गोदाम में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने, फायरिंग करने और गोदाम में आग लगाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस सनसनीखेज घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सड़क पर टक्कर से शुरू हुआ विवाद
मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी गोदाम संचालक प्रवीण कुमार ने दनकौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके गोदाम में काम करने वाले दो युवक सलारपुर रोड स्थित एक होटल से खाना लेकर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान गुनपुरा गांव निवासी एक कार चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर ही दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, जिससे लगा कि विवाद यहीं खत्म हो जाएगा।
गोदाम में घुसकर हमला, मजदूर बने निशाना
आरोप है कि कुछ समय बाद वही कार चालक अपने साथ करीब 20 लोगों को लेकर प्रवीण कुमार के गोदाम पर पहुंच गया। अचानक हुए इस हमले से वहां काम कर रहे मजदूर घबरा गए। हमलावरों ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से मजदूरों पर हमला कर दिया, जिसमें कई मजदूर घायल हो गए। आरोप यह भी है कि इस दौरान हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों में दुबक गए।
आगजनी, तोड़फोड़ और वायरल वीडियो
गोदाम संचालक का कहना है कि हमलावर अपने साथ थिनर लेकर आए थे और उन्होंने गोदाम में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। आगजनी से गोदाम में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के बाद सभी घायल मजदूरों को इलाज के लिए डाढ़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गोदाम में तोड़फोड़ और आगजनी के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। मौके से कारतूस के खोखे मिलने की भी चर्चा है, जिससे फायरिंग के आरोप और गंभीर हो गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई के संकेत
पीड़ित गोदाम संचालक की शिकायत पर दनकौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और घायलों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






