नोएडा में साइबर कैफे संचालक से मांगी फिरौती, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, एक फरार
- Shiv Kumar
- 27 Jan, 2026
नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में एक साइबर कैफे संचालक के साथ मारपीट और जबरन ले जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किए जाने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। घटना कुलेसरा स्थित एक साइबर कैफे की बताई जा रही है, जहां दिनदहाड़े दबंगई का वीडियो सामने आने से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
कैफे में घुसकर मारपीट, वीडियो वायरल होने से खुला मामला
पीड़ित साइबर कैफे संचालक मनीष कुशवाहा ने बताया कि 22 जनवरी को कुछ लोग अचानक उनके कैफे में घुस आए और बिना किसी ठोस वजह के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने की कोशिश भी की। मनीष के अनुसार, आरोपियों ने खुद को एसटीएफ से जुड़ा बताते हुए धमकाया और कहा कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो गोली मार दी जाएगी या जेल भिजवा दिया जाएगा। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उनसे पांच लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। घटना के बाद डरे-सहमे मनीष ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर नोएडा पुलिस से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल नोएडा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि वीडियो और पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मार्कशीट सुधार को लेकर था विवाद, गंभीर आरोप बेबुनियाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद मार्कशीट में सुधार को लेकर हुआ था। एडीसीपी संतोष कुमार के मुताबिक, साइबर कैफे के माध्यम से कराए जा रहे एक काम में गलती हो गई थी, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित द्वारा लगाए गए एसटीएफ बताकर फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी जैसे आरोपों को प्रथम दृष्टया बेबुनियाद बताया है। हालांकि, मारपीट और जबरन ले जाने की कोशिश को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






