नोएडा के बिल्डर मेंटीनेंस के नाम पर वसूल रहे मोटी रकम, वादे नहीं कर रहे पूरे, फ्लैट में रहने वालों का फूटा गुस्सा, कर दिया हंगामा!

top-news
नोएडा सेक्टर-107 की ग्रेटर वैल्यू शरणम सोसाइटी में बिल्डर के खिलाफ सैकड़ों निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने अधूरी सुविधाओं, सीलन, गिरते प्लास्टर और फायर सेफ्टी फेल होने के आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द दिक्कतें दूर नहीं हुईं तो ठीक नहीं होगा।

नोएडा में बिल्डरों की मनमानी को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन किसी न किसी हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले लोग अपनी समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। ताजा मामला नोएडा के सेक्टर-107 स्थित ग्रेटर वैल्यू शरणम सोसाइटी का है। यहां रविवार को फ्लैट में रहने वाले लोगों का गुस्सा फूट पड़ा औक सैकड़ों निवासी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने बिल्डर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। लोगों का आरोप है कि पजेशन के समय किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए, जबकि मेंटीनेंस के नाम पर हर महीने मोटी रकम वसूली जा रही है।


वादों की चमक और हकीकत के बीच फंसे लोग
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि करीब एक दशक पहले जब बिल्डर ने फ्लैटों का पजेशन देना शुरू किया था, तब इसे एक ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में पेश किया गया था। आधुनिक सुविधाएं, सुरक्षित माहौल और बेहतर लाइफस्टाइल का सपना दिखाकर लोगों ने यहां अपने जीवन की पूंजी लगाई। लेकिन रहने के कुछ ही समय बाद सच्चाई सामने आने लगी। फ्लैटों में सीलन, दीवारों में गहरी दरारें, छज्जों और छत से गिरता प्लास्टर आम समस्या बन चुकी है। लोगों का कहना है कि पार्किंग, सुरक्षा, स्विमिंग पूल, बच्चों का पार्क और जिम जैसी सुविधाओं का वादा किया गया था, लेकिन भारी मेंटेनेंस शुल्क लेने के बावजूद अधिकतर सुविधाएं या तो अधूरी हैं या पूरी तरह बंद पड़ी हैं।


शिकायतें, धरने और सिर्फ आश्वासन
सोसाइटी के सचिव और रिटायर्ड कमांडर संजीव गुप्ता ने बताया कि बिल्डर के खिलाफ अब तक दो बार धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है और तीन बार नोएडा प्राधिकरण में लिखित शिकायत दी गई है। बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर और प्राधिकरण एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर समस्याओं से पल्ला झाड़ रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।


गिरता प्लास्टर और फायर सेफ्टी बनी सबसे बड़ी चिंता
सोसाइटी निवासी अनूप पोखरियाल का कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री के चलते कई बार दीवारों और छज्जों से प्लास्टर गिर चुका है। गनीमत रही कि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं, निवासी भवेश ने फायर सेफ्टी सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि सोसाइटी में लगे अग्निशमन उपकरण काम नहीं करते। एक फ्लैट में आग लगने की घटना के दौरान पूरा फायर सिस्टम फेल हो गया, जिससे फ्लैट पूरी तरह जल गया। सौभाग्य से उस समय कोई अंदर मौजूद नहीं था। इसके अलावा ग्रीन एरिया बंद किए जाने से बच्चों और बुजुर्गों के लिए खुली जगह भी खत्म होती जा रही है।


अब कोर्ट जाने की तैयारी
लगातार अनदेखी से परेशान निवासियों ने अब कानूनी लड़ाई का मन बना लिया है। महिलाओं का कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस समाधान चाहिए। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सोसाइटी के लोग सामूहिक रूप से कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और बिल्डर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *