नाबालिग से मारपीट के विरोध पर युवक को बंधक बनाया, फिर जमकर पीटा, RWA पदाधिकारी समेत चार पर केस दर्ज

top-news
नोएडा सेक्टर-41 में नाबालिग से मारपीट के विरोध पर एक शख्स को बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगा है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने RWA पदाधिकारी, उनके बेटे और सुरक्षाकर्मियों पर केस दर्ज किया है।

सेक्टर-41 स्थित आरडब्ल्यूए कार्यालय के पास नाबालिग बच्चे से मारपीट और उसके विरोध पर एक व्यक्ति को बंधक बनाकर पीटने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, उनके बेटे और दो सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से सोसाइटी और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


नाबालिग पर चोरी का आरोप, कार्यालय में किया बंद
पीड़ित भारत चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे वह सेक्टर-41 स्थित आरडब्ल्यूए कार्यालय के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि तीन लोग एक करीब आठ वर्षीय बच्चे को पकड़कर खड़े थे। बच्चे के गाल लाल थे और वह रो रहा था। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो बताया गया कि बच्चे पर चोरी का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इसी शक के आधार पर नाबालिग को पीटा गया और आरडब्ल्यूए कार्यालय में बंद कर दिया गया। बच्चे की हालत देखकर भारत चंद्र ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मामला और बिगड़ गया।


विरोध करने पर युवक को बनाया बंधक, जमकर मारपीट
शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर आरडब्ल्यूए पदाधिकारी केशव शर्मा नाराज हो गए और उनके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि भारत चंद्र को जबरन पकड़ लिया गया। कुछ देर बाद केशव शर्मा का बेटा और अन्य आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद केशव शर्मा, उनके बेटे और दो सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर भारत चंद्र के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें आरडब्ल्यूए कार्यालय परिसर में जबरन बैठाकर करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।


पुलिस पहुंचने पर छोड़ा गया, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित के अनुसार, पुलिस और उनके परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें छोड़ा गया। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, उनके बेटे और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *