दादरी स्टेशन से गुजर रही थी वंदे भारत एक्सप्रेस, अचानक चलने लगे पत्थर, यह है पूरा मामला

top-news
हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। मारीपत-चिपियाना स्टेशन के बीच हुए हमले में कोच का शीशा टूट गया। आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा। हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर चलने वाली बनारस से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में ट्रेन के एक कोच का शीशा टूट गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई। मामला सामने आते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।


मारीपत-चिपियाना स्टेशन के बीच हुई घटना
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार के अनुसार, यह घटना 26 जनवरी को उस समय हुई जब वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22415 मारीपत और चिपियाना रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने अचानक ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए। पथराव की वजह से ट्रेन के साउथ साइड की ओर लगा कांच टूट गया। तेज रफ्तार ट्रेन पर पथराव होने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि ट्रेन को तुरंत रोका नहीं गया।


सी-16 कोच के यात्रियों में मचा हड़कंप
पथराव की यह घटना कोच संख्या सी-16 में सीट नंबर 20, 21 और 22 के पास हुई। सीट पर बैठे यात्री आदित्य ने बताया कि उनका बेटा खिड़की के पास बैठकर बाहर देख रहा था। तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ पत्थर शीशे से टकराया और कांच चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि उनका बेटा और आसपास बैठे अन्य यात्री सुरक्षित रहे। यात्रियों का कहना है कि अगर पत्थर थोड़ा अंदर आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।


आरपीएफ ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले
घटना की सूचना तुरंत ट्रेन मैनेजर संजीव कुमार को दी गई, जिसके बाद आरपीएफ कोतवाली दादरी को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दिया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरपीएफ कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पथराव करने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *