ढाबे में ज्यादा बिल बनाने को लेकर बवाल, जमकर हुई चाकूबाजी, दो युवकों को मार डाला

top-news
गाजियाबाद के खोड़ा में वैष्णो ढाबे पर ज्यादा बिल मांगने के विवाद में दो युवकों की चाकू से हत्या कर दी गई। दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अंबेडकर गेट के पास स्थित वैष्णो ढाबे पर खाने के पैसे ज्यादा मांगने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दो युवकों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस की टीमें मामले की पड़ताल में जुटी रहीं।


ज्यादा बिल को लेकर हुआ विवाद, देखते ही देखते निकले चाकू
जानकारी के मुताबिक खोड़ा निवासी सत्यम (26) और उसका दोस्त श्रीपाल (25) शुक्रवार रात वैष्णो ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। आरोप है कि खाना खाने के बाद जब ढाबा संचालक ने ज्यादा पैसे मांगे तो इस पर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई और फिर मामला हिंसक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने अचानक चाकू निकाल लिया और सत्यम व श्रीपाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवक लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े।


अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद ढाबे पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।


शराब के नशे में थे दोनों पक्ष, चार हिरासत में
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय दोनों पक्षों ने शराब का सेवन किया हुआ था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में रात में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरी घटना की कड़ी साफ हो सके।


तीसरा साथी नशे में, बयान देने की हालत में नहीं
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक श्रीपाल मूल रूप से बहराइच का रहने वाला था और खोड़ा के नेहरू विहार में किराए पर रह रहा था। सत्यम खोड़ा का ही निवासी था। दोनों के साथ मौजूद तीसरा युवक शराब के नशे में था और बयान देने की स्थिति में नहीं था। पुलिस जांच में सामने आया है कि ढाबा संचालक धर्मेंद्र और उसके साथियों सूरज, राजन और विशेष की इस वारदात में भूमिका सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *