नोएडा में चार दिन चारों तरफ खुशबू ही खुशबू, 1200 प्रजातियों के फूलों के रंग में रंग जाएगा केदारनाथ मंदिर
- Shiv Kumar
- 31 Jan, 2026
नोएडा के सेक्टर-33ए स्थित चिल्ड्रन पार्क में इस बार फ्लावर शो बेहद खास और भव्य होने जा रहा है। 19 फरवरी से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय फ्लावर शो में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं और दर्शकों को फूलों से बने केदारनाथ मंदिर के दर्शन होंगे। यह मंदिर करीब 30 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा होगा, जिसे गुलाब की कई प्रजातियों के फूलों से सजाया जाएगा। इस भव्य संरचना को तैयार करने में करीब 68 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। फ्लावर शो को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को आस्था, प्रकृति और सौंदर्य का अद्भुत संगम देखने को मिले।
फूलों से बनेगा केदारनाथ मंदिर, शंकर-त्रिशूल भी होगा आकर्षण
फ्लावर शो की सबसे बड़ी खासियत फूलों से निर्मित केदारनाथ मंदिर होगा। गुलाब की अलग-अलग किस्मों से सजे इस मंदिर के साथ भगवान शिव से जुड़े प्रतीक भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शो में भगवान शंकर का त्रिशूल और डमरु भी फूलों से बनाया जाएगा, जिसकी ऊंचाई करीब तीन फीट होगी। इसके अलावा शो का मुख्य प्रवेश द्वार भी बेहद भव्य होगा, जिसे प्राचीन मंदिर के विशाल गेट की तर्ज पर डिजाइन किया जा रहा है। यह गेट करीब 22 फीट चौड़ा और 25 फीट ऊंचा होगा, जिसे अलग-अलग रंग की गुलदाउदी से सजाया जाएगा। इस प्रवेश द्वार को तैयार करने में लगभग 7 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पहली बार साइड बास्केट कांसेप्ट, पाथवे होगा खास
इस बार फ्लावर शो में पाथवे को भी बेहद आकर्षक बनाया जा रहा है। पहली बार ‘साइड बास्केट कांसेप्ट’ लाया जा रहा है, जिसके तहत पाथ के दोनों ओर करीब 7 फीट की दूरी में पांच सेट लगाए जाएंगे। इन बास्केट्स को गुलाब और गुलदाउदी के फूलों से सजाया जाएगा। इसके अलावा शो के अन्य प्रवेश द्वार भी फूलों से बनाए जाएंगे, ताकि पूरा परिसर रंग-बिरंगे पुष्पों से सजा नजर आए। आयोजकों का कहना है कि इस तरह का कांसेप्ट पहली बार नोएडा में देखने को मिलेगा।
1200 प्रजातियों के फूल, एंट्री फ्री रहेगी
चार दिन चलने वाले इस फ्लावर शो में करीब 1200 प्रजातियों के पुष्पों को शामिल किया जाएगा। इसमें देशी के साथ-साथ विदेशी ब्रीड के पौधे भी लगाए जाएंगे। 60 से ज्यादा नर्सरी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगी। शो के दौरान पेड़-पौधों से जुड़ी जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। कई प्राचीन और दुर्लभ पेड़ों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग संस्थानों द्वारा तैयार किए गए गार्डन भी यहां देखने को मिलेंगे, जिन्हें अंतिम दिन पुरस्कृत किया जाएगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग से जोन और फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। खास बात यह है कि फ्लावर शो में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






