दो करोड़ का फ्लैट और 50 लाख बजट, मिडिल क्लास की पहुंच से दूर हो रहा नोएडा व दिल्ली-एनसीआर में घर बनाना
- Shiv Kumar
- 31 Jan, 2026
दिल्ली से सटे सैटेलाइट शहर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद कभी मिडिल क्लास के लिए राहत की तरह थे। जिन लोगों के लिए दिल्ली में घर खरीदना नामुमकिन था, उनके लिए ये शहर किफायती और व्यावहारिक विकल्प माने जाते थे। लेकिन वक्त के साथ हालात तेजी से बदले हैं। आज स्थिति यह है कि इन शहरों में घर खरीदना जरूरत नहीं, बल्कि एक तरह की ‘लग्जरी’ बन चुका है। अगर किसी के पास ₹50 लाख का बजट है, तो इन शहरों के मुख्य और विकसित इलाकों में घर खरीदना अब लगभग असंभव हो गया है। रियल एस्टेट की बढ़ती कीमतों ने मिडिल क्लास के सपनों पर बड़ा ब्रेक लगा दिया है।
गुरुग्राम बना सुपर रिच और NRI निवेश का गढ़
NCR में लग्जरी हाउसिंग का ट्रेंड सबसे पहले गुरुग्राम से शुरू हुआ। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे जैसे इलाकों में प्रॉपर्टी की कीमतों ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। Anarock की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम में औसत रेट ₹15,000 से ₹20,000 प्रति वर्ग फुट तक पहुंच चुका है। इसका सीधा मतलब यह है कि यहां एक सामान्य 2BHK फ्लैट की कीमत ₹2 करोड़ से नीचे मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। जो शहर कभी मिडिल क्लास का पसंदीदा था, वह अब पूरी तरह सुपर रिच और NRI निवेशकों का हब बन चुका है। आम नौकरीपेशा परिवार के लिए गुरुग्राम में घर खरीदना अब सिर्फ सपना रह गया है।
फरीदाबाद की किफायत भी खत्म होती हुई
लंबे समय तक फरीदाबाद को दिल्ली-एनसीआर का सबसे सस्ता और भरोसेमंद विकल्प माना जाता रहा, लेकिन अब यहां भी हालात तेजी से बदल रहे हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी ने प्रॉपर्टी की कीमतों में जबरदस्त उछाल ला दिया है। ग्रेटर फरीदाबाद (सेक्टर 75 से 89) में जो फ्लैट कुछ साल पहले ₹40–50 लाख में मिल जाते थे, उनकी कीमतें अब ₹1 करोड़ के करीब पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट से बढ़ती नजदीकी ने जमीन और घरों को मिडिल क्लास की पहुंच से और दूर कर दिया है।
नोएडा भी गुरुग्राम की राह पर
बेहतर प्लानिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पहचाना जाने वाला नोएडा भी अब तेजी से लग्जरी हाउसिंग की ओर बढ़ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, नोएडा में लॉन्च हो रहे 60% से ज्यादा नए प्रोजेक्ट हाई-एंड या लग्जरी कैटेगरी के हैं। 2021 तक सेक्टर 150 या 143 में ₹70–80 लाख में मिलने वाले फ्लैट आज ₹2 करोड़ के पार पहुंच चुके हैं। डेवलपर्स अब 2BHK की बजाय 3BHK और 4BHK प्रोजेक्ट्स पर फोकस कर रहे हैं। बढ़ती जमीन, सीमेंट और स्टील की कीमतों का हवाला देकर बिल्डर्स साफ कह रहे हैं कि ₹50 लाख के बजट में घर बनाना अब व्यावहारिक नहीं रहा।
मिडिल क्लास के सामने सीमित विकल्प
मौजूदा हालात में ₹50–60 लाख के बजट वाले खरीदारों के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट जैसे इलाके ही कुछ हद तक विकल्प बचे हैं, लेकिन वहां जाम और बुनियादी सुविधाओं की कमी बड़ी चुनौती है। यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास निवेश तो संभव है, लेकिन वहां रहने लायक माहौल बनने में अभी 5–7 साल लग सकते हैं। नतीजतन, मिडिल क्लास का एक बड़ा वर्ग अब घर खरीदने की बजाय किराये पर रहकर ही तथाकथित लग्जरी लाइफस्टाइल जीने को मजबूर हो गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






