दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर खोदा मौत का कुआं, निजी कंपनी के खिलाफ एक्शन, मामला जानकर आप कहेंगे- सटीक कार्रवाई
- Shiv Kumar
- 02 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर किसान आदर्श इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे खोदा गया गहरा गड्ढा पिछले करीब 15 दिनों से खुला पड़ा है। एक निजी कंपनी ने पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई तो कर दी, लेकिन उसके बाद न तो गड्ढा भरा गया और न ही वहां कोई सुरक्षा इंतजाम किए गए। यह मार्ग दनकौर और सिकंदराबाद को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है, जहां दिनभर भारी ट्रैफिक बना रहता है। ऐसे में खुले गड्ढे ने राहगीरों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत के बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है, क्योंकि खुदाई के बाद मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया। रात के समय अंधेरा होने पर यह गड्ढा बिल्कुल दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। इलाके के निवासी संजय, अनुज, राकेश, अनिल, विशाल और गोविंद का कहना है कि रोजाना सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों को डर है कि सेक्टर-150 जैसी दुखद घटना यहां भी दोहराई जा सकती है यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, लोगों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और कंपनी को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस कारण स्थानीय लोगों में प्रशासन और कंपनी दोनों के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने इस गड्ढे से स्कूल आने-जाने वाले छात्र भी जोखिम में हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए गड्ढा भरवाने और जिम्मेदार कंपनी पर कार्रवाई की अपील की है ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।
अनुमति लिए बिना खुदाई, कंपनी को मिलेगा नोटिस
दनकौर नगर पंचायत की अध्यक्ष राजवती देवी ने बताया कि पाइपलाइन डालने के लिए कंपनी ने नगर पंचायत से कोई अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने कहा कि कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा और यदि जल्द गड्ढा नहीं भरा गया तो कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द समस्या का समाधान होगा और इस व्यस्त सड़क पर आवागमन फिर से सुरक्षित हो सकेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






