नोएडा पोस्टमार्टम हाउस में कफन के लिए मांगे 3 हजार रुपये, पैसे न देने पर परिजनों को खुद ही लपेटनी पड़ी बॉडी

top-news
नोएडा पोस्टमार्टम हाउस में कर्मचारियों पर कफन के बदले 3 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। पैसे न देने पर परिजनों ने खुद शव को कफन में लपेटा। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नोएडा के पोस्टमार्टम हाउस में एक मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कर्मचारियों ने शव को कफन में लपेटने के बदले उनसे 3 हजार रुपये की मांग की। पैसे न देने पर शव को हाथ तक नहीं लगाया गया, जिससे मजबूर होकर परिजनों को खुद ही शव को पैक करना पड़ा। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।


परिजनों का आरोप, पैसे न देने पर कर्मियों ने नहीं की मदद
जानकारी के मुताबिक, चिपियाना क्षेत्र के एक युवक का शव सोमवार को पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। मृतक के परिजन राहुल ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के बाद कर्मचारियों से कफन की व्यवस्था के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इसके बदले 3 हजार रुपये की मांग कर दी। जब परिजनों ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो कर्मियों ने शव को पैक करने से इनकार कर दिया। मजबूरी में परिजन श्मशान घाट से कफन लेकर आए और खुद ही शव को प्लास्टिक कवर से निकालकर कफन में लपेटकर घर ले गए। परिजनों का कहना है कि इस दौरान उन्हें काफी मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी।


वीडियो बनाने पर भी रोका गया, शिकायत के बाद जांच शुरू
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस पूरे मामले का वीडियो बनाना शुरू किया तो कुछ कर्मचारियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। बाद में विवाद बढ़ता देख कर्मचारी शव को पैक करने के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक परिजन खुद ही व्यवस्था कर चुके थे। मामले के सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि आरोपों की जानकारी मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस के नोडल अधिकारी को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पोस्टमार्टम व्यवस्था में पारदर्शिता और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *