नोएडा हादसे को लेकर सीएम योगी से मिले दादरी विधायक, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
- Shiv Kumar
- 03 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-150 में इंजीनियर की मौत के मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तेजी पकड़ ली है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और पूरे मामले में दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग रखी। विधायक ने कहा कि इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आपातकालीन राहत प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखित ज्ञापन सौंपकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की।
SIT गठन पर जताया आभार, दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज
विधायक तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री द्वारा मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित किए जाने पर धन्यवाद भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई संभव होगी। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जांच केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जिम्मेदार लोगों पर समय रहते कार्रवाई होती है तो भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है। विधायक ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से लेकर न्याय सुनिश्चित करेगी।
जिले में SDRF-एनडीआरएफ की स्थाई तैनाती की उठी मांग
तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री को लिखित रूप में यह भी सुझाव दिया कि जिले में SDRF और NDRF की स्थाई तैनाती बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू हो सके। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी ने तीनों प्राधिकरणों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। विधायक ने कहा कि यदि जिले में पहले से SDRF की स्थाई व्यवस्था होती, तो शायद इंजीनियर की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्राधिकरण अधिकारियों से मिलकर जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेज कराने का प्रयास करेंगे, जिससे भविष्य में आपातकालीन हालात से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






