गोली का बदला गोली; लुक्सर जेल से छूटे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहगीर को लगी गोली
- Shiv Kumar
- 05 Feb, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर जेल से रिहा होते ही युवकों पर कुछ लोगों ने फायरिंग की। जिससे रास्ते से गुजर रहे राहगीर के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। गोली चलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
लुक्सर जेल से कुछ दूरी पर की गई फायरिंग
जानकारी के अनुसार, सादुल्लापुर गांव के कुछ युवक
एक पक्ष के घर पर फायरिंग और गाली-गलौज के मामले में लुक्सर जेल में बंद थे। आरोपी
मंगलवार देर शाम जेल से छूटकर अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी जेल से
कुछ दूरी पर विरोधी पक्ष के लोग पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर के पैर में गोली
लग गई। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज से क्षेत्र में
अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल
तैनात कर दिया गया।
जेल से छूटने वाले ने भी कुछ दिन पहले की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
बताया जा रहा है
कि कुछ दिन पहले सादुल्लापुर गांव में कपिल नागर और यश नागर के बीच फोन पर कोई
बातचीत हुई थी। इसके बाद यश नागर ने अपने को साथियों के साथ मिलकर कपिल के घर पर
आधी रात को ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसके बाद पुलिस
ने आरोपी यश और उसके साथियों को जेल भेज दिया था। अब आरोप है कि यश के ऊपर कुछ
लोगों के द्वारा जेल से छूटने के बाद फायरिंग की गई।
केस दर्ज कर आरोपियों को ढूंढ रही पुलिस
एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम को थाना इकोटेक 1 क्षेत्रांतर्गत साइट 5 फैक्ट्री एरिया में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। जिसमें एक राहगीर को छर्रा लग गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भेजा गया, जहां वह खतरे से बाहर है। नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी हेतु टीम रवाना की गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






