ग्रेटर नोएडा में बंद मकान के बेसमेंट में चल रहा था धर्मांतरण का गंदा खेल, पुलिस ने चार को दबोचा
- Shiv Kumar
- 09 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर 36 स्थित एक मकान के बेसमेंट में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण की शिकायत मिलने पर पुलिस ने रविवार को छापा मारा। मौके पर 40 से 50 लोग मौजूद पाए गए, जिनमें से कई लोग पुलिस को देखकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। पूछताछ के बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
हर रविवार खुलता था मकान, बेसमेंट में होती थी सभा
जानकारी के अनुसार सेक्टर 36 के मकान बी-224 का बेसमेंट हर रविवार को धार्मिक प्रार्थना सभा के लिए खोला जाता था। मकान मालिक अब्राहम नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है, जो वहां स्थायी रूप से नहीं रहता। आरोप है कि इसी स्थान पर पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग जुटते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि सभा के आयोजन में ग्रेटर नोएडा का एक टैक्सी चालक चंद्रकिरण और उसका साथी सुरेश शामिल थे, जिनकी पत्नियां भी आयोजन में सहयोग करती थीं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि यहां किसी प्रकार का अवैध गतिविधि या प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था या नहीं।
सूचना पर पहुंचे संगठन, हंगामे के बीच पहुंची पुलिस
रविवार को इस सभा की जानकारी कुछ स्थानीय संगठनों से जुड़े लोगों को हुई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद आयोजकों और अन्य लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। तलाशी के दौरान एक कमरे से बड़ी संख्या में धार्मिक पुस्तकें भी बरामद हुईं, जिनमें से कई बक्सों में पैक रखी थीं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री और वहां चल रही गतिविधियों की जांच की जा रही है, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
दो गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
ग्रेटर नोएडा के एसीपी प्रथम अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पूछताछ के बाद चंद्रकिरण और सुरेश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सभा में शामिल लोगों को किसी प्रकार का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






