नोएडा के सेक्टर-58 में सड़क हादसा, कार की चपेट में आकर डिलीवरी ब्वाय की मौत
- Shiv Kumar
- 09 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के सेक्टर-62 में सोमवार को एक सड़क हादसे में डिलीवरी ब्वाय की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। मृतक युवक ऑनलाइन ग्रोसरी कंपनी ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था और ड्यूटी के दौरान ही हादसे का शिकार हो गया।
कार और ऑटो के बीच बचाव में पलटा वाहन, स्कूटी भी आई चपेट में
पुलिस के अनुसार, खोड़ा के सरस्वती विहार निवासी 26 वर्षीय गुलाम अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से सामान की डिलीवरी देने जा रहा था। सेक्टर-62 के पास एक कार सड़क पर बैक हो रही थी, तभी सामने से आ रहे एक ऑटो चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की। इस दौरान ऑटो असंतुलित होकर पलट गया और आसपास चल रहे वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। इसी अफरा-तफरी में गुलाम की स्कूटी भी हादसे का शिकार हो गई और वह सड़क पर गिर गया।
अस्पताल ले जाने से पहले हुई मौत, चालक हिरासत में
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभालने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। कार चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






