अब तक कितना बना जेवर एयरपोर्ट? मुख्य सचिव एसपी गोयल शेयर की प्रोग्रेस रिपोर्ट, आप भी जानें ताजा अपडेट
- Shiv Kumar
- 10 Feb, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब इसके उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एयरपोर्ट की प्रगति का वीडियो साझा किया, जिसके बाद परियोजना की तैयारियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के बाद प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर सभी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि जल्द ही आम यात्रियों के लिए एयरपोर्ट का संचालन शुरू किया जा सके।
एयरपोर्ट पर जरूरी सभी आधुनिक सुविधाएं तैयार
साझा किए गए वीडियो में एयरपोर्ट परिसर के लगभग सभी अहम हिस्सों का निर्माण पूरा दिखाया गया है। टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर, एयरपोर्ट सर्विलांस रडार, नेविगेशन सिस्टम, ई-गेट्स, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और यात्रियों के लिए लाउंज जैसी सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं। इसके अलावा रनवे, टैक्सी-वे, विमान पार्किंग एप्रन, कार्गो टर्मिनल, ऑपरेशन सेंटर, ईंधन टैंक, चेक पोस्ट और सोलर फार्म जैसी आधारभूत व्यवस्थाएं भी स्थापित हो चुकी हैं। परिसर में ईवी चार्जिंग स्टेशन और सीएनजी पंप जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे एयरपोर्ट को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाया जा सके।
ट्रायल सफल, लाइसेंस प्रक्रिया अंतिम चरण में
एयरपोर्ट के रनवे पर पहले ही यात्री और छोटे विमानों की सफल लैंडिंग और उपकरण परीक्षण किए जा चुके हैं। दिसंबर 2024 में इंडिगो के विमान का सफल ट्रायल किया गया था, जबकि 2025 में भी रनवे और उपकरणों की कार्यक्षमता जांची गई। एयरपोर्ट का संचालन शुरू करने से पहले अब सिर्फ एयरोड्रम लाइसेंस से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिन्हें अंतिम चरण में बताया जा रहा है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा प्रक्रियाओं की भी दो बार मॉक ड्रिल के जरिए जांच की है।
एयरपोर्ट के आसपास विकास परियोजनाओं को भी रफ्तार
एयरपोर्ट के साथ ही आसपास के क्षेत्रों के विकास पर भी तेजी से काम चल रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-8, 8डी, 11, 4ए, 5ए और 5 को विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सेक्टर-8डी को लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउस हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके लिए थोरा और दयौरार गांव की जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है। किसानों को आपत्तियां दर्ज कराने के लिए समय भी दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






