नोएडा-ग्रेटर नोएडा लिंक रोड इस महीने हो सकती है शुरू, दोनों तरफ की अप्रोच रोड का काम लगभग पूरा, एक्सप्रेस वे का लोड होगा कम
- Shiv Kumar
- 10 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-146-147 को ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक से जोड़ने के लिए बन रही कनेक्टिंग रोड का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस परियोजना के तहत हिंडन नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है, जबकि दोनों ओर की सड़कों का काम संबंधित प्राधिकरण अपने-अपने हिस्से में पूरा कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पुल के ऊपर बिटुमिन और मैस्टिक बिछाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। मार्च के अंत तक सड़क निर्माण का काम तेज होने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही के लिए एक नया विकल्प मिलेगा, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
मार्च तक पुल निर्माण, फिर शुरू होगा फिनिशिंग का काम
यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार हिंडन नदी पर बन रहे पुल का मुख्य निर्माण कार्य 15 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तुरंत बाद पुल पर बिटुमिन और मैस्टिक बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और एजेंसी का चयन होते ही मार्च के अंत तक कार्य प्रारंभ होने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस फिनिशिंग कार्य को पूरा होने में करीब एक महीने का समय लगेगा। इस परियोजना को दोनों शहरों के बीच यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
जुलाई तक वाहनों के लिए खोले जाने की तैयारी
नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा हो जाता है, तो इस मार्ग को जुलाई महीने तक आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके चालू होने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। दोनों शहरों के बीच रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर ऑफिस जाने वाले लोगों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यह नया मार्ग काफी उपयोगी साबित होगा।
एप्रोच रोड का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा
पुल से जुड़ने वाली एप्रोच रोड का निर्माण भी तेजी से जारी है। नोएडा की ओर लगभग 800 मीटर लंबी सड़क का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिस पर लगभग 31 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा की ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क का करीब 50 प्रतिशत निर्माण हो चुका है, जिसकी लागत करीब 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पुल का काम पूरा होने के बाद शेष सड़क निर्माण को पूरा करने में लगभग तीन से छह महीने का समय लग सकता है। दोनों प्राधिकरण इसे प्राथमिकता पर पूरा कराने में जुटे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






