नोएडा पुलिस ने मोबाइल स्नैचर को दबोचा, 20 से अधिक मुकदमे दर्ज, दर्जनभर मोबाइल बरामद
- Shiv Kumar
- 11 Feb, 2026
नोएडा में लगातार हो रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं के बीच थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से 23 मुकदमे दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से 11 मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया जाता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी दिल्ली के घड़ौली का रहने वाला रिषभ दयाल (32) है, जो लंबे समय से नोएडा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था और राह चलते लोगों को निशाना बनाता था।
लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
पुलिस को स्थानीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि आरोपी सेक्टर-62 इलाके में सक्रिय है। इसके बाद टीम ने रामलीला ग्राउंड सी ब्लॉक के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बाइक से घूमकर अकेले या लापरवाह लोगों को निशाना बनाता और अचानक मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार उसके पास से मिला आईफोन-16 दो दिन पहले सेक्टर-62 स्थित टॉट मॉल रोड के पास एक व्यक्ति से छीना गया था। आरोपी ने कई अन्य वारदातों को भी कबूल किया है और पुलिस अब बरामद मोबाइलों के असली मालिकों की पहचान करने में जुटी है।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रिषभ पहले भी सेक्टर-20 , सेक्टर-24 और सेक्टर-58 थानों में दर्ज मोबाइल स्नैचिंग मामलों में जेल जा चुका है। इसके अलावा उसने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी अकेले ही घटनाओं को अंजाम देता था और चोरी के मोबाइलों को सस्ते दाम पर बेच देता था। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और मोबाइल खरीदने वाले लोगों की भी जांच कर रही है, ताकि चोरी के सामान की पूरी चेन का खुलासा किया जा सके। गिरफ्तारी के बाद इलाके में मोबाइल लूट की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






