फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड का दोबारा होगा सर्वे, नए सिरे से तैयार होगा डीपीआर

top-news
एफएनजी एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत छिजारसी से बहलोलपुर तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की फाइल दोबारा खोली गई है। नए सर्वे के बाद डीपीआर तैयार होगी, जिससे नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

 फरीदाबाद–नोएडा–गाजियाबाद (एफएनजी) एक्सप्रेसवे परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए छिजारसी कट से बहलोलपुर अंडरपास के पास तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की फाइल दोबारा खोल दी गई है। करीब 650 मीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड के निर्माण को लेकर अब नया सर्वे कराया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म दो तरह के सर्वे कराने की तैयारी शुरू कर दी है। पांच तकनीकी एजेंसियों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें से एक का चयन कर नई डीपीआर तैयार कराई जाएगी, ताकि लंबे समय से अटकी परियोजना को गति मिल सके।


नए सर्वे के बाद तैयार होगी संशोधित डीपीआर
पहले तैयार डीपीआर के अनुसार इस एलिवेटेड के निर्माण पर लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान था। अब बदलती जरूरतों और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नई डीपीआर तैयार की जाएगी। यह काम एनटीसी के माध्यम से कराया जाएगा और इसकी फाइल सीईओ के पास भेजी जा रही है। प्रस्तावित एजेंसियों में सीआरआरआई, यूएमटीसी, डिम्स और आईआईटी दिल्ली व रुड़की जैसे संस्थानों के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि एलिवेटेड को छिजारसी गांव के ऊपर से निकाला जाएगा, ताकि नीचे की आबादी और यातायात पर न्यूनतम असर पड़े। आगे 14.6 किलोमीटर बिंदु पर हिंडन नदी के पुश्ते से होकर लगभग 5.65 किमी लंबी दूसरी एलिवेटेड रोड भी प्रस्तावित है, जो एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।


एफएनजी कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा लगभग तैयार
एफएनजी एक्सप्रेसवे के करीब 17 किलोमीटर हिस्से का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यह कॉरिडोर गाजियाबाद के एनएच-24 से शुरू होकर नोएडा के कई सेक्टरों से गुजरते हुए यमुना पार कर फरीदाबाद तक जाएगा। नोएडा क्षेत्र में एक एलिवेटेड और दो अंडरपास के साथ एप्रोच रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है। बहलोलपुर के पास एक अंडरपास पहले ही तैयार हो चुका है। आगे 650 मीटर एलिवेटेड, एक अन्य अंडरपास और सेक्टर-168 के पास यमुना पर पुल भी बनाया जाना है। पुल निर्माण में हरियाणा सरकार भी लागत का हिस्सा वहन करेगी।


हजारों उद्योगों और लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
एफएनजी एक्सप्रेसवे को एनसीआर की लाइफलाइन माना जा रहा है। इसके बनने से गाजियाबाद से फरीदाबाद या गुरुग्राम जाने के लिए दिल्ली होकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नोएडा के औद्योगिक सेक्टर 63, 64, 65, 67, 68, 80, 81, 83, 84, 85, 86, 87, 89, 90, 138, 140 और फेज-2 समेत हजार से अधिक औद्योगिक इकाइयों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे कालिंदी कुंज और नोएडा की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक दबाव भी कम होगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *