नोएडा में टावर की मरम्मत कर रहा था मजदूर, अचानक टूट गया क्रैडल, बाल-बाल बची जान, तस्वीर देख अटक जाएगी सांस
- Shiv Kumar
- 13 Feb, 2026
नोएडा के सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रींस सोसायटी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसायटी के एस्पायर टावर पर मरम्मत कार्य के दौरान क्रैडल का एक तार टूट गया, जिससे उस पर काम कर रहा मजदूर काफी देर तक हवा में लटका रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि क्रैडल तीन तारों के सहारे झूल रहा है और मजदूर खुद को संभालने की कोशिश कर रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मजदूर को सुरक्षित निकालने की कोशिश शुरू की।
बालकनी से रस्सी डालकर बचाई गई मजदूर की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर की बाहरी दीवार पर प्लास्टर मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके लिए क्रैडल लगाया गया था। अचानक एक ओर से तार टूट गया और क्रैडल झुक गया। मजदूर घबराकर मदद की गुहार लगाने लगा। उसी दौरान पास के फ्लैट में मौजूद लोगों ने तुरंत बालकनी की ग्रिल से रस्सी बांधी और उसे मजदूर तक पहुंचाया। काफी मशक्कत के बाद मजदूर को धीरे-धीरे ऊपर खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मजदूर को बचाने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सोसायटी में चल रहा है व्यापक मरम्मत कार्य
बताया जा रहा है कि सोसायटी में इन दिनों रखरखाव और बाहरी ढांचे की मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके तहत टावरों पर प्लास्टर और पेंटिंग का कार्य हो रहा है। इसी कार्य के दौरान क्रैडल का तार टूटने की घटना हुई। राहत की बात यह रही कि मजदूर नीचे नहीं गिरा और समय रहते उसे बचा लिया गया। घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने मरम्मत कार्य में इस्तेमाल हो रहे उपकरणों की सुरक्षा जांच की मांग की है। फिलहाल मजदूर पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






